एनआईआईएलएम विश्वविद्यालय छात्रवृत्ति घोटाला: दो आरोपी गिरफ्तार, कैथल जेल भेजे
बाबूशाही ब्यूरो
पंचकूला/चंडीगढ़, 26 अप्रैल।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) अंबाला ने छात्रवृत्ति घोटाले के एक मामले में कार्रवाई करते हुए बंटी निवासी पट्टी क्योडक, जिला कैथल, और प्रियंका निवासी सुभाष नगर, कैथल को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी प्राइवेट व्यक्ति हैं। गिरफ्तारी के बाद उन्हें कैथल की अतिरिक्त एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में कैथल जेल भेज दिया गया।
यह मामला एनआईआईएलएम विश्वविद्यालय, कैथल से जुड़ा है, जहां वर्ष 2013-14 और 2014-15 में विश्वविद्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने निजी व्यक्तियों के साथ मिलकर अनुसूचित जाति की कुल 944 छात्राओं का फर्जी दाखिला दिखाया। फर्जी बैंक खातों के माध्यम से इन छात्राओं के नाम पर 5 करोड़ 26 लाख 25 हजार 306 रुपये की छात्रवृत्ति राशि ट्रांसफर करवा कर सरकारी धन का गबन किया गया।
इस संबंध में 1 अगस्त 2018 को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, अंबाला में अभियोग संख्या 8 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 409, 420, 467, 468, 471 और 120-बी के तहत मामला दर्ज किया गया था।
इस प्रकरण में पहले ही 14 आरोपियों का चालान 31 जुलाई 2023 को कैथल की अदालत में पेश किया जा चुका है। वहीं, एनआईआईएलएम विश्वविद्यालय के तीन पदाधिकारियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ाते हुए शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास तेज कर दिए हैं।
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →