श्री सत्य साई सेवा संगठन, भारत के उत्तरी क्षेत्र के पदाधिकारियों का सम्मेलन 21 से चण्डीगढ़ में
ओल्ड एज होम, सेक्टर-30 में होगा आयोजन : सम्मेलन में संस्था के अखिल भारतीय अध्यक्ष निमिष पंड्या और अन्य राष्ट्रीय समन्वयक उपस्थित रहेंगे
चण्डीगढ़,20 सितंबर, 2024 :
श्री सत्य साईं सेवा संगठन, भारत के उत्तरी क्षेत्र के पदाधिकारियों का सम्मेलन 21 और 22 सितंबर को ओल्ड एज होम, सेक्टर-30, चंडीगढ़ में होने जा रहा है। संस्था की पदाधिकारी डॉ सोनल चुघ ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य भगवान श्री सत्य साईं बाबा के जन्म के भव्य शताब्दी समारोह के 23 नवंबर, 2025 को होने वाले समापन समारोह की तैयारियों की रूपरेखा तैयार करना व सक्रिय रूप से योगदान करने के लिए पदाधिकारियों प्रेरित करना है।
सम्मेलन में श्री सत्य साई सेवा संगठन के अखिल भारतीय अध्यक्ष निमिष पंड्या और अन्य राष्ट्रीय समन्वयक उपस्थित रहेंगे। जम्मू और कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश के लगभग 200 पदाधिकारी भाग लेंगे, जो संस्था के उत्तरी क्षेत्र की आध्यात्मिक गतिविधियों में महत्वपूर्ण पड़ाव होगा।
दो दिवसीय कार्यक्रम में विभिन्न प्रकार की आध्यात्मिक और भक्ति गतिविधियाँ शामिल होंगी। 22 सितंबर की सुबह सुखना झील पर एक शांत ध्यान सत्र शुरू होगा, जिसके बाद नगर संकीर्तन होगा। 21 सितंबर की शाम को एक विशेष भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जो भक्तों को पवित्र संगीत के दिव्य स्पंदनों में डूबने का अवसर प्रदान करेगा। डॉ सोनल चुघ ने बताया कि यह सम्मेलन भगवान श्री सत्य साईं बाबा के शाश्वत संदेश को प्रतिध्वनित करेगा कि सभी से प्यार करें, सभी की सेवा करें और हमेशा मदद करें, कभी दुःख न पहुंचाएं। स्वामी ने हमेशा इस बात पर जोर दिया है कि केवल एक ही जाति है, मानवता की जाति, एक ही भाषा है, हृदय की भाषा, एक ही धर्म है प्रेम का धर्म और एक ही ईश्वर है, जो सर्वव्यापी है।
(के.के.)
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →