सेक्टर-32 में गोलीबारी मामले में एंबुलेंस चालक गिरफ्तार
चंडीगढ़ 07 अक्तुबर 2024। चंडीगढ़ के सेक्टर-32 में हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने फरार आरोपियों को भागने में मदद करने वाले एंबुलेंस चालक, जगतार सिंह उर्फ काला को गिरफ्तार कर लिया है। जगतार सिंह पर आरोप है कि उसने गोलीबारी के बाद मुख्य आरोपियों सनी उर्फ पंडित और सुखविंदर सिंह उर्फ काली को एंबुलेंस के जरिए हरियाणा के कुरुक्षेत्र पहुंचाने में मदद की थी। पुलिस घटना के बाद से उसकी तलाश कर रही थी।
यह गोलीबारी 1 अक्टूबर 2024 को सेक्टर-32 के टैक्सी स्टैंड पर हुई थी, जब सनी ने रॉकी से पैसे मांगे और मना करने पर सुखविंदर सिंह ने पिस्तौल से गोली चला दी। इस घटना में राजेश उर्फ रॉकी के हाथ और हनी भारद्वाज की गर्दन पर गोली लगने से चोटें आई थीं।
घटना के बाद पुलिस ने सनी और सुखविंदर सिंह को गिरफ्तार कर उनके पास से हथियार भी बरामद किए थे। पुलिस रिमांड के दौरान सुखविंदर सिंह की निशानदेही पर जगतार सिंह को गिरफ्तार किया गया, जिसने एंबुलेंस के जरिए दोनों आरोपियों को फरार होने में सहायता की थी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →