प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा में करेंगे तीन रैली, 26 को सोनीपत आएंगे पीएम मोदी : मोहनलाल बड़ौली
हिसार और पलवल में भी होगी पीएम मोदी की जन आशीर्वाद रैलीः मोहनलाल बड़ौली
केंद्र सरकार के तीसरे कार्यकाल के 100 दिन पूरे होने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने रोहतक में की पत्रकारवार्ता
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा बुधवार को रोहतक में संकल्प पत्र जारी करेंगे : मोहनलाल बड़ौली
*कांग्रेस का हरियाणा में सरकार बनाने का सपना कभी पूरा नहीं होगा : मोहनलाल बड़ौली*
*कांग्रेस ने हमेशा झूठ और लूट की राजनीति कीः मोहनलाल बड़ौली*
चंडीगढ़, 17 सितंबर 2024। हरियाणा विधानसभा चुनाव जीतने के लिए भाजपा पूरी रणनीति के तहत काम कर रही है। इसी रणनीति के तहत प्रधानमंत्री हरियाणा में तीन रैली करेंगे। मंगलवार को भाजपा के प्रदेश चुनावी मीडिया सेंटर में पत्रकारों से बात करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि हरियाणा में इस बार भी भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलेगा। तीसरी बार प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी और नायब सिंह सैनी दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकारों के समक्ष मोदी सरकार 3.0 के 100 दिनों की उपलब्धियां गिनवाई और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्म दिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया के अंदर भारत की साख बढ़ी और मोदी ग्लोबल लीडर के तौर पर उभर के सामने आए हैं। श्री बड़ौली ने कांग्रेस को भी घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भारी विद्रोह के दौर से गुजर रही है, जबकि भाजपा एकजुटता के साथ चुनाव के मैदान में है। पत्रकार वार्ता के दौरान हरियाणा भाजपा मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी शमशेर सिंह खरक, अशोक छाबड़ा, संदीप आजाद, भाजपा नेता राजकुमार कटारिया और रोहतक जिला मीडिया प्रमुख सन्नी शर्मा आदि मौजूद रहे।
मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि विधानसभा चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फिर हरियाणा आ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन आशीर्वाद रैली 26 सितंबर को सोनीपत में होगी। सोनीपत रैली का संयोजक मैं खुद रहूंगा। इसके अलावा हिसार में नरेंद्र मोदी की रैली होगी और इस रैली के संयोजक कुलदीप बिश्नोई होंगे। प्रधानमंत्री 2 अक्टूबर को पलवल में रैली करेंगे और इसके संयोजक कृष्णपाल गुर्जर होंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि 18 सितंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा प्रदेश की राजनीतिक राजधानी रोहतक में भारतीय जनता पार्टी का संकल्प पत्र जारी करेंगे। मोहनलाल बड़ोली ने बताया कि आज का दिन बहुत खास है, क्योंकि आज देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन तो है ही, साथ ही आज केंद्र की भारतीय जनता पार्टी की सरकार के तीसरे कायकाल के 100 दिन पूरे हो रहे हैं। भाजपा सरकार के तीसरे कार्यकाल के पहले 100 दिनों में ही 15 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं शुरू की गई। 3 लाख करोड़ की सड़क, रेलवे की परियोजनाएं शुरू की, इन 100 दिनों में 11 लाख नई लखपति दीदी बनाई।
श्री बड़ौली ने कहा कि बीते 100 दिनों में प्रधानमंत्री ने देशहित के लिए जितनी परियोजनाओं और विकास कार्यों की घोषणा की है, उतना कार्य कांग्रेस सरकार अपने दशकों के शासन में भी नहीं कर पाई थी। इन परियोजनाओं में देश के सभी वर्गों के लोगों का ध्यान रखा गया। गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी के साथ-साथ समाज के अन्य सभी वर्गों को समान रूप से लाभान्वित करने वाली जनकल्याणकारी योजनाएं निर्धारित की गई।
*कांग्रेस में सीएम कौन होगा पता ही नहीं*
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने एक सवाल के जवाब में कहा कि कांग्रेस ने हमेशा झूठ और लूट की राजनीति की है। इसका स्पष्ट उदाहरण कांग्रेस के टिकट वितरण में देखने को मिल रहा है। अपने कार्यकर्ताओं को ही कांग्रेस ने लूटा। राहुल गांधी की बात करें तो उनके आरक्षण खत्म करने की मानसिकता सबके सामने आ गई है। कांग्रेस रोज सपना लेकर सोती है कि हरियाणा में सरकार बनाएगी, लेकिन उनका यह सपना कभी पूरा नहीं होगा। अब तक तो कांग्रेस को यही नहीं पता कि हरियाणा में उनका सीएम कौन होगा। कांग्रेस हार की ओर बढ़ रही है। कांग्रेस में विद्रोह और गुटबाजी है, कांग्रेसी कुमारी सैलजा का अपमान कर रहे हैं। दूसरी ओर अरविंद केजरीवाल हरियाणा में आए तो जनता उन्हें भी जवाब देगी।
*केंद्रीय स्तर के नेता आएंगे हरियाणा*
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय स्तर के नेता हरियाणा में आएंगे। अमित शाह, राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा सहित केंद्रीय नेता हरियाणा में आएंगे। मोहन लाल बड़ौली ने विकास कार्य भी गिनवाए। बड़ौली ने कहा कि भाजपा ने 10 साल के कार्यकाल में हर जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में बेहतर सुधार किया। जहां 50 बैड का अस्पताल था वहां 100 बैड का बनवाया, जहां 200 बैड का था वहां 300 बैड का अस्पताल बनवाया। इसके अलावा हर 20 किलामीटर के दायरे में कॉलेज खोले। गांवों में 18 से 23 घंटे बिजली दी। हर घर में नल से पानी पहुंचाया। सड़कों के मामले में आज हरियाणा देश में नबर वन है। कांग्रेस ने अपने शासनकाल में करीब 86 हजार नौकरियां दी जबकि भाजपा ने 1 लाख 46 हजार युवाओं को नौकरी दी। एक लाख 20 हजार कच्चे कर्मचारियों को पक्का किया।
*युवाओं के विकास पर दिया गया ध्यान*
भाज प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ोली ने बताया कि देश के अन्नदाता किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 17वीं किश्त जारी कर दी गई, जिसके तहत 9.3 करोड़ किसानों को 20,000 करोड़ रुपये वितरित किए गए। मध्यम वर्ग को राहत पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 3 करोड़ घर स्वीकृत किए गए तो वहीं आय कर में भी राहत दी गई। युवाओं को सशक्त बनाने के लिए युवाओं में रोजगार और कौशल को बढ़ावा देने के लिए 2 लाख करोड़ के पीएम पैकेज की घोषणा की गई, साथ ही 1 करोड़ युवाओं को टॉप कंपनियों में इंटर्नशिप के अवसर और एकमुश्त सहायता राशि की व्यवस्था की गई।
Rg
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →