हरियाणा चुनाव में भाजपा की जीत पर क्या बोले नेता प्रतिपक्ष जयराम, जानिए
09 अक्टूबर, 2024
मंडी : हरियाणा और जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव परिणाम निकलने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने मंडी के चौहटा बाज़ार में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अगुवाई में जीत का जश्न मनाया। हरियाणा में बहुमत मिलने और जम्मू कश्मीर में शानदार प्रदर्शन से उत्साहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने लड्डू के बजाय देसी घी से बनी जलेबी लोगों में बांटी।
यहां नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सारे एग्जिट पोल यही दिखा रहे थे कि भाजपा हरियाणा में सत्ता से बाहर होने जा रही है लेकिन हमें पूरा विश्वास था कि जिस प्रकार वहां डबल इंजन की सरकार ने जनता के कल्याण की योजनाएं चलाई हैं, उससे तय था कि जनता भाजपा को ही फिर से चुनेगी।
उन्होंने कांग्रेस नेता जयराम रमेश के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि जब नतीजे कांग्रेस के पक्ष में आते हैं तो कांग्रेस पार्टी के नेता और विपक्ष के नेता राहुल गांधी बहुत खुश होते हैं। जब भाजपा के पक्ष में नतीजे आते हैं, तो इसे यंत्र की खराबी कहकर सवाल खड़े करते हैं। मैं उनको कहना चाहता हूँ कि दोनों राज्यों में न तंत्र चला, न मंत्र। यहां तो सिर्फ लोकतंत्र चला है। हम जनादेश का सम्मान करते हैं। इस जीत का पूरा श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को जाता है। उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को भी बधाई दी।
इस मौके में विधायक अनिल शर्मा, राकेश जम्वाल, विनोद कुमार, इंद्र सिंह गांधी, दलीप कुमार और भाजपा जिलाध्यक्ष निहाल चंद शर्मा भी उपस्थित रहे।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →