होली के रंग में रंगे चौधरी रणजीत सिंह चौटाला और दिग्विजय चौटाला, कांग्रेस पर साधा निशाना
बाबूशाही ब्यूरो
सिरसा, 14 मार्च: हरियाणा में होली के त्योहार का जोश राजनीतिक गलियारों में भी देखने को मिला। पूर्व कैबिनेट मंत्री चौधरी रणजीत सिंह चौटाला ने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ होली मनाई। इस दौरान उनके पोते एवं जननायक जनता पार्टी (JJP) के प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला भी मौजूद रहे। दिग्विजय चौटाला ने अपने दादा को गुलाल लगाकर आशीर्वाद लिया और कार्यकर्ताओं संग उत्सव मनाया।
होली के रंगों के बीच राजनीतिक वार-पलटवार का सिलसिला भी जारी रहा। रणजीत सिंह चौटाला और दिग्विजय चौटाला ने कांग्रेस और भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर जमकर निशाना साधा, जबकि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की प्रशंसा की।
BJP की निकाय चुनाव जीत पर बधाई
दिग्विजय चौटाला ने हाल ही में संपन्न निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की जीत को लेकर पार्टी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में भाजपा की पकड़ मजबूत हो रही है और जनता ने फिर से पार्टी पर भरोसा जताया है।
हुड्डा परिवार पर हमला
दिग्विजय चौटाला ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दीपेंद्र सिंह हुड्डा पर तंज कसते हुए कहा कि, "कांग्रेस अब एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि हुड्डा परिवार की प्राइवेट कंपनी बन गई है।" उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र खत्म हो गया है और पार्टी अब केवल एक परिवार तक सीमित रह गई है।
कांग्रेस में ‘स्लीपर सेल’ का मुद्दा
इस दौरान चौधरी रणजीत सिंह चौटाला ने राहुल गांधी के 'कांग्रेस में स्लीपर सेल' वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "कांग्रेस में तो सभी स्लीपर सेल हैं, जो अंदर ही अंदर बीजेपी की मदद कर रहे हैं।" उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस का संगठन कमजोर हो गया है और उसके नेता खुद ही पार्टी को डुबाने में लगे हुए हैं।
होली के इस जश्न के बीच हरियाणा की राजनीति में सियासी बयानबाजी भी जारी रही। रणजीत सिंह चौटाला और दिग्विजय चौटाला ने इशारों ही इशारों में यह साफ कर दिया कि आने वाले चुनावों में प्रदेश की राजनीति और गरमाने वाली है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →