कौन है दिल्ली की नई सीएम आतिशी? सियासी सफर से लेकर निजी जीवन तक जानें सबकुछ
नई दिल्ली, 17 सितंबर,2024ः दिल्ली को आज नया मुख्यमंत्री मिल गया है। आम आदमी पार्टी (आप) के सभी विधायकों ने आतिशी मर्लेना को विधायक दल की नेता चुना है। आप जिस महिला को इतना बड़ा पद दे दिया आखिर वह कौन? सियासत में उनकी क्या पहचान है? उनका सियासी सफर कब शुरु हुआ? कब वह आम आदमी पार्टी के साथ जुड़ी आइए आपको बताते हैं।
कौन है आतिशी?
आतिशी आम आदमी पार्टी की नेता हैं। आतिशी केजरीवाल सरकार में शिक्षा मंत्री सहित कई प्रमुख मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले उन्हें पार्टी संगठन को तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उन्होंने पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया की सलाहकार के रूप में भी काम किया है। उन्होंने राजधानी में सरकारी स्कूलों में शिक्षा की स्थिति को सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शिक्षा
आतिशी ने अपनी स्कूली शिक्षा दिल्ली के स्प्रिंगडेल स्कूल (Springdale School) से की। इसके बाद उन्होंने सेंट स्टीफंस कॉलेज में इतिहास की पढ़ाई की, जहां वह दिल्ली विश्वविद्यालय में पहले स्थान पर रहीं। इसके बाद Chevening scholarship पर मास्टर डिग्री हासिल करने के लिए ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय चली गईं। कुछ साल बाद उन्होंने एजुकेशन रिसर्च में रोड्स स्कॉलर के रूप में ऑक्सफोर्ड से अपनी दूसरी मास्टर डिग्री हासिल की।
राजनीतिक करियर
आतिशी ने 2012 में भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन के दौरान देश की सियासत में कदम रखा और आम आदमी पार्टी की नींव रखने वाले लोगों में शामिल रहीं। उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव में पूर्वी दिल्ली से चुनाव लड़ा, लेकिन हार गईं। 2020 में उन्होंने कालकाजी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीता और विधायक बनीं। इसके बाद दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के जेल जाने के बाद वे शिक्षा मंत्री बन गईं।
बता दें कि अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के जेल में रहने के दौरान आतिशी ने पार्टी की प्रवक्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई है और टेलीविजन चैनलों में वह सरकार और संगठन का पक्ष मजबूती से रखती हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →