CHD:3 महीनों से नही मिला वेतन; होली के दिन भी भूख हड़ताल जारी, CHD प्रशासन खामोश
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 14 मार्च – चंडीगढ़ में तीन महीने से वेतन न मिलने से नाराज आउटसोर्स कर्मचारियों की भूख हड़ताल पांचवें दिन भी जारी रही। कोऑर्डिनेशन कमेटी के बैनर तले मेंटेनेंस बूथ, सेक्टर 16 पर कर्मचारी अपने हक की मांग को लेकर अडिग रहे।
होली के त्योहार के बावजूद, रवि सिंह (सीवर विभाग), वरुण शर्मा (इलेक्ट्रिकल), गुरदीप सिंह (इलेक्ट्रिकल), रोशन कुमार (इलेक्ट्रिकल) और रवींद्र सिंह (बिल्डिंग मेंटेनेंस) ने भूख हड़ताल जारी रखी।
प्रशासन पर लापरवाही के आरोप
कोऑर्डिनेशन कमेटी ऑफ गवर्नमेंट एंड एमसी एम्प्लॉइज एंड वर्कर्स यूटी चंडीगढ़ के प्रधान सतिंदर सिंह, महासचिव राकेश कुमार, कैशियर किशोरी लाल, यशपाल, वरिंदर बिष्ट और सुखविंदर सिंह ने प्रशासन की चुप्पी पर कड़ा रोष जताया। उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग विभाग के इलेक्ट्रिकल सर्कल, पब्लिक हेल्थ सर्कल, कंस्ट्रक्शन सर्कल, नगर निगम और सीटीयू में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों को वेतन नहीं दिया जा रहा, जो श्रम कानूनों का खुला उल्लंघन है।
भूख हड़ताल 28 मार्च तक, फिर होगा बड़ा प्रदर्शन
कमेटी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द वेतन जारी नहीं किया गया तो 28 मार्च तक भूख हड़ताल जारी रहेगी और 29 मार्च को वर्कर्स कन्वेंशन आयोजित कर 8 अप्रैल को चंडीगढ़ सचिवालय के घेराव की योजना बनाई जाएगी। उन्होंने प्रशासन से जल्द उच्चस्तरीय बैठक बुलाकर कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने की अपील की, ताकि श्रमिक-प्रशासन संबंधों में सुधार हो सके।
प्रशासन की चुप्पी से बढ़ रहा असंतोष
कर्मचारियों ने मांग की कि उनकी पेंडिंग सैलरी तत्काल जारी की जाए और अन्य मांगों, जो 13 दिसंबर 2024 को प्रस्तुत मांग पत्र में दर्ज हैं, पर भी सकारात्मक कार्रवाई हो। यदि प्रशासन जल्द समाधान नहीं निकालता तो विरोध प्रदर्शन और तेज होगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →