भाजपा अध्यक्ष जतिंदर मल्होत्रा ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा का किया स्वागत
चंडीगढ़ के स्वास्थ्य क्षेत्र को अपग्रेड करने पर जोर
चंडीगढ़, 30 सितंबर, 2024:
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा के पंचकूला आगमन पर भारतीय जनता पार्टी के चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर चंडीगढ़ के स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार और उसके अपग्रेडेशन को लेकर विशेष चर्चा की गई।
जतिंदर पाल मल्होत्रा ने केंद्रीय मंत्री से चर्चा करते हुए कहा कि चंडीगढ़ का स्वास्थ्य ढांचा अपग्रेड किए जाने की आवश्यकता है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और उपलब्धता में सुधार हो सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं न केवल चंडीगढ़ के नागरिकों के लिए लाभकारी होंगी, बल्कि यह क्षेत्रीय स्वास्थ्य केंद्र के रूप में भी उभर सकता है, जिससे पड़ोसी राज्यों के नागरिक भी लाभान्वित होंगे।
मल्होत्रा ने कहा कि चंडीगढ़ में स्वास्थ्य क्षेत्र को आधुनिक सुविधाओं और नई तकनीकों से लैस करना बेहद जरूरी है ताकि नागरिकों को उच्च गुणवत्ता की स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। इसका सीधा प्रभाव यहां की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की वर्किंग और दक्षता पर पड़ेगा, जिससे हर वर्ग को लाभ पहुंचेगा। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से आग्रह किया कि इस दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएं ताकि चंडीगढ़ को देश के अग्रणी स्वास्थ्य केंद्रों में से एक बनाया जा सके।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने चंडीगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के सुझावों की सराहना की और आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार इस दिशा में हर संभव सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में स्वास्थ्य क्षेत्र के विकास के लिए विभिन्न योजनाओं को लागू करने पर विचार किया जाएगा।
(के.के.)
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →