ऐतिहासिक और जनकल्याणकारी बजट, प्रत्येक वर्ग का रखा गया है ध्यानः डॉ अरविंद शर्मा
बजट से हरियाणा की जनता के सपनों का साकार करने की दिशा में बड़ा कदम
कैबिनेट मंत्री बोले, बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को मजबूत करते हुए हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध
सहकारिता व पर्यटन विभाग के लिए बजट में प्रावधान पर सीएम का जताया आभार
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 17 मार्च। सहकारिता, कारागार, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा वित्तमंत्री के नाते पेश किया गया बजट ऐतिहासिक और प्रदेश वासियों के लिए जनकल्याणकारी साबित होगा। उन्होंने कहा कि किसान, महिला, युवा, गरीब कल्याण को समर्पित बजट में हर वर्ग का भरपूर ध्यान रखते हुए प्रदेश को तिगुनी गति से रफ्तार देने वाला साबित होगा। कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने सहकारिता विभाग के बजट में 58.80 प्रतिशत बढ़ोतरी व हरियाणा के पर्यटन को दुनिया के मानचित्र पर लेकर जाने के लिए किए गए प्रावधानों के लिए आभार जताया।
आज यहां हरियाणा के आम बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस बजट से हरियाणा की जनता के सपनों को साकार करने की दिशा में एक बड़ा और सशक्त कदम उठाया है। कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को मजबूत करते हुए हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। नायब सैनी सरकार ने बजट में प्रदेश की तरक्की व समाज के सभी वर्गों के कल्याण का ध्यान रखा है। मुख्यमंत्री ने 2025-26 के लिए 2 लाख 5 हजार 17 करोड़ रुपए का बजट प्रस्तावित किया है, इससे हरियाणा विकसित प्रदेश बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा। किसानों और युवाओं के लिए बजट में मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से फोकस किया है।
डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि अगले 5 वर्षों में 2 लाख सरकारी नौकरियां देने का लक्ष्य नायब सैनी सरकार ने रखा है। इससे प्रदेश के युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। भाजपा में बिना पर्ची बिना खर्ची नौकरी देने का वादा निभाया है और आगे भी निभाएंगे। इसके अलावा हर जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के साथ-साथ शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा निवेश किया गया है, जिससे प्रदेश की सामाजिक संरचना मजबूत होगी। उन्होंने बजट हर वर्ग के लिए कल्याणकारी होगा और प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा। शानदार बजट पेश करने पर कैबिनेट मंत्री ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार जताया और उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को हर दृष्टि से सशक्त बनाने की ओर बजट एक अहम कड़ी साबित होगा और नए हरियाणा का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर हरियाणा बनाने के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए यह बजट सर्वसमावेशी और दूरदर्शी है।
सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने सहकारिता विभाग के लिए 58.80 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 1254.97 करोड़ रुपए की राशि का आबंटन करने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि डेयरीफेड के माध्यम से प्रदेश में 15 फीसदी अधिक दूध संकलन का लक्ष्य रखते हुए नए वित्त वर्ष में मुख्यमंत्री दूध उत्पादक प्रोत्साहन योजना के लिए 70 करोड़ रुपए का आबंटन व्यवस्था में सरलता लाएगा। उन्होंने कहा प्रदेश के हर ब्लाक में दूध संकलन केंद्र बनाने व जिला स्तर पर चिलिंग प्लांट लगाने से वीटा के उत्पादों को बड़ा विस्तार व बाजार उपलब्ध होगा। वीटा के 350 नए बूथ स्थापित किए जाने से वीटा उत्पादों की उपलब्धता बढ़ेगी व युवाओं को अवसर मिलेंगे।
पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सूरजकुण्ड मेला के ढांचागत विकास को मजबूत करते हुए हर साल दो बार मेले का आयोजन किया जाएगा। विश्वस्तरीय राखीगढ़ी पुरातत्व स्थल को विकसित करते हुए वार्षिक राखीगढ़ी मेला आयोजित करने से इसकी विशिष्ट पहचान को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 5 टूरिस्ट काम्प्लेक्सों को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मोड़ पर विकसित किया जाना, लोहारू किला, भिवानी, यादवेन्द्रा गार्डन, पिंजौर व टिक्कर ताल, मोरनी को विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पर्यटन को दुनिया के मानचित्र पर लेकर जाने का संकल्प अब सिद्धि तक लेकर जाने के लिए गम्भीर प्रयास शुरू हो गए हैं, जिसके लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बधाई के पात्र हैं।
बॉक्स
बजट के बाद माननीयों ने सहकारिता मंत्री की जलेबी पार्टी का उठाया लुत्फ
सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा द्वारा सोमवार को विधानसभा सत्र में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के बजट पेश करने के बाद जलेबी पार्टी रखी गई। इस जलेबी पार्टी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, मंत्रीगण, विधायकगण, अधिकारी एवं पत्रकार शामिल हुए। इस दौरान सभी माननीयों द्वारा गोहाना के विख्यात मातूराम हलवाई की देसी घी की जलेबी का दूध व रबड़ी के साथ लुत्फ उठाया। इस दौरान बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए भी माननीय सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा की मेहमाननवाजी का आनंद लेते नजर आए।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →