हरियाणा के अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी होगी दूर, 777 डॉक्टरों की भर्ती प्रक्रिया पूरी
रमेश गोयत
पंचकूला, 10 फरवरी: हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 777 नए डॉक्टरों की भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली है। विभाग ने अंतिम परिणाम घोषित करते हुए चयनित उम्मीदवारों की सूची आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत एक दिसंबर 2024 को परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसका विस्तृत परिणाम 6 दिसंबर 2024 को जारी किया गया था। इसके बाद से उम्मीदवार अंतिम सूची का इंतजार कर रहे थे, जो अब समाप्त हो गया है।
17 फरवरी को दस्तावेज सत्यापन
स्वास्थ्य विभाग ने भर्ती प्रक्रिया के अंतिम चरण में सभी चयनित डॉक्टरों को 17 फरवरी को पंचकूला स्थित महानिदेशक कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज की जाएगी और मूल दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। यह प्रक्रिया पूरी होते ही चयनित डॉक्टरों को प्रदेश के अस्पतालों में नियुक्त कर दिया जाएगा।
हरियाणा में डॉक्टरों की भारी कमी
हरियाणा के अस्पतालों में लंबे समय से डॉक्टरों की कमी रही है। करीब 800 डॉक्टरों की जरूरत थी, जिससे मरीजों को इलाज के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था। अब 777 नए डॉक्टरों की तैनाती से प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूती मिलेगी और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने दिए थे तेजी से भर्ती के निर्देश
हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए भर्ती प्रक्रिया को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया था। उन्होंने हाल ही में कहा था कि जनवरी के अंत तक नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। अब यह भर्ती पूरी होने से प्रदेश के सरकारी अस्पतालों की चिकित्सा सुविधाओं में सुधार आने की उम्मीद है। जल्द ही नियुक्त डॉक्टर अपनी सेवाएं शुरू करेंगे, जिससे हरियाणा के मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →