चंडीगढ़ में किसान और सरकार के बीच छठी वार्ता आज, 25 फरवरी को दिल्ली कूच की चेतावनी
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 21 फरवरी 2025: न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) समेत अन्य मांगों को लेकर आंदोलनरत किसानों और केंद्र सरकार के बीच छठे दौर की वार्ता आज चंडीगढ़ में होगी। इस वार्ता में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी शामिल होंगे।
किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने वार्ता से पहले स्पष्ट किया कि यदि बातचीत से संतोषजनक परिणाम नहीं निकले तो 25 फरवरी को किसानों का दिल्ली कूच तय है। उन्होंने कहा, "हम मैदान में नहीं हारे, तो टेबल पर भी नहीं हारेंगे।" इससे पहले 14 फरवरी को हुई बैठक के बाद उन्होंने वार्ता को सकारात्मक बताया था, लेकिन अब किसान संगठन किसी ठोस निर्णय की उम्मीद में हैं।
किसान नेता जगजीत डल्लेवाल अस्पताल में भर्ती
संयुक्त किसान मोर्चा (अराजनैतिक) के नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल की तबीयत खराब होने के चलते उन्हें खनौरी बॉर्डर से एंबुलेंस के जरिए चंडीगढ़ लाया जाएगा।
शुभकरण सिंह को दी श्रद्धांजलि
इस बीच, किसानों ने युवा किसान शुभकरण सिंह की बरसी पर बठिंडा के बल्लो गांव में उनकी प्रतिमा स्थापित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। शुभकरण सिंह की 21 फरवरी 2024 को खनौरी बॉर्डर पर पुलिस और किसानों के बीच झड़प में गोली लगने से मौत हो गई थी। किसानों ने हरियाणा पुलिस पर गोली चलाने का आरोप लगाया था, हालांकि पुलिस ने इसे खारिज कर दिया था।
अब देखना होगा कि आज की वार्ता से कोई हल निकलता है या किसान दिल्ली कूच की रणनीति पर आगे बढ़ते हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →