JP Nadda to Visit Himachal: कांगड़ा-चंबा की नब्ज टटोलेंगे नड्डा, दो दिन के हिमाचल दौरे पर आ रहे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष
बाबूशाही ब्यूरो
धर्मशाला, 19 अप्रैल 2025 :
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दो दिनों के कांगड़ा व चंबा प्रवास पर शनिवार को कांगड़ा पहुंचेंगे। इसके बाद नड्डा भारत सरकार की ओर से आकांक्षी जिला योजना में रखे गए चंबा जिला के प्रवास पर जाएंगे। इस दौरान नड्डा चंबा जिला के भाजपा नेताओं से भी मिलेंगे। जेपी नड्डा चंबा से लौटकर कांगड़ा के जिला मुख्यालय धर्मशाला आएंगे।
भाजपा अध्यक्ष यहां सर्किट हाउस में रुकेंगे, जहां पर भाजपा के कुछ वरिष्ठ नेताओं से मंत्रणा करेंगे। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शनिवार व रविवार को कांगड़ा व चंबा जिलों का प्रवास करेंगे। नड्डा भाजपा के वरिष्ठ नेता किशन कपूर के घर पर उनके परिवार को ढाढस बंधाने भी जाने वाले हैं।
उनके कांगड़ा व चंबा के दो दिनों के प्रवास के दौरान हिमाचल के कुछ वरिष्ठ नेताओं से मंत्रणा करने और आगामी योजना पर चर्चा होने के भी कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि जेपी नड्डा का राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यकाल भी कुछ समय बाद समाप्त होने वाला है, लेकिन हिमाचल में भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष का फाइनल न हो पाना भी चर्चा बना हुआ है। ऐसे में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा कई मायनों में महत्त्वपूर्ण बताया जा रहा है।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा दिल्ली से कांगड़ा हवाई अड्डे पर उतरने वाले हैं। वह यहां से चंबा के लिए सड़क मार्ग से जाएंगे। इस दौरान गगल हवाई अड्डे पर उनके स्वागत के लिए जिला भाजपा ने विशेष प्लान तैयार किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए पार्टी के सभी छोटे-बड़े नेताओं में भी खासा जोश है। (SBP)
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →