पंचकूला को स्मार्ट सिटी बनाना सरकार का ध्येय: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
55 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात, घग्गर नदी पर 50 करोड़ की लागत से बने पुल का उद्घाटन
रमेश गोयत |
पंचकूला, 19 अप्रैल। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया। उन्होंने शुक्रवार को पंचकूला में 55 करोड़ 38 लाख रुपये से अधिक की लागत से तैयार विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 50 करोड़ रुपये की लागत से घग्गर नदी पर बने नए पुल को जनता को समर्पित किया। उन्होंने सेक्टर-28 व 31 में दो डिस्पेंसरियों के भवनों और गांव कनौली में ग्राम सचिवालय का शिलान्यास भी किया, जिनकी कुल लागत करीब 5.4 करोड़ रुपये है। साथ ही पंचकूला विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपये की घोषणा भी की।
घग्गर पुल से सुगम होगी आवाजाही, ट्रैफिक से राहत
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह नया पुल राष्ट्रीय राजमार्ग 5, 7 और 152 को सीधे जोड़ता है और यह पी.आर.-7 रिंग रोड का हिस्सा है। इससे पंचकूला से जीरकपुर, मोहाली एयरपोर्ट, राजपुरा और पटियाला की दूरी 5-7 किमी कम होगी, जिससे रोजाना आने-जाने वालों को राहत मिलेगी। यह पुल 360 मीटर लंबा और 16 मीटर चौड़ा है।
स्वास्थ्य सेवाओं और आधारभूत ढांचे को मिलेगा बढ़ावा
सेक्टर-28 और 31 में बनने वाले डिस्पेंसरी भवनों से पंचकूला वासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। ये भवन 12 महीने में तैयार होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मार्ट सिटी के साथ-साथ पंचकूला को स्वच्छ, स्वस्थ और सुगम शहर बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
पिछले 10 सालों में हुआ अभूतपूर्व विकास
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में पंचकूला ने शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और जल आपूर्ति जैसे क्षेत्रों में ऐतिहासिक विकास देखा है।
सेक्टर-23 में राष्ट्रीय फैशन डिजाइन संस्थान की स्थापना (23 करोड़ रुपये)
सेक्टर-5 में राज्य स्तरीय संग्रहालय
सेक्टर-32 में 125 करोड़ की लागत से शूटिंग रेंज का निर्माण
जिला नागरिक अस्पताल का 300 बिस्तरों में अपग्रेडेशन
1200 करोड़ की लागत से मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निर्माण
जलशोधन और पेयजल आपूर्ति योजनाओं पर 200 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश
कांग्रेस पर हमला, रिपोर्ट कार्ड देने की चुनौती
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जो कांग्रेस आज हमसे हिसाब मांग रही है, वह पहले अपने शासनकाल का रिपोर्ट कार्ड दे। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने 240 चुनावी संकल्पों में से 119 पर कार्य पूरा या प्रगति पर है।
स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती राव की प्रतिबद्धता
राज्य की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं देना है। हाल ही में एक हजार डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं ताकि डॉक्टरों की कमी दूर की जा सके।
ज्ञानचंद गुप्ता ने जताया आभार
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि यह पुल पंचकूला और पड़ोसी राज्यों के लिए एक बड़ी सौगात है, जिससे आमजन की आवाजाही सुगम होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री सैनी का आभार जताया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ये घोषणाएं और परियोजनाएं पंचकूला को एक आधुनिक, स्वच्छ और नागरिक-अनुकूल स्मार्ट सिटी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होंगी। इन विकास कार्यों से न केवल पंचकूला, बल्कि आस-पास के राज्यों के लाखों लोगों को लाभ मिलेगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →