आज चंडीगढ़ में 53वां रोज फेस्टिवल का आगाज: गुलाबों के बीच तीन दिवसीय रंगारंग आयोजन
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 20 फरवरी 2025: चंडीगढ़ के सबसे प्रतिष्ठित आयोजनों में से एक, रोज फेस्टिवल का 53वां संस्करण 21 फरवरी से रोज गार्डन, सेक्टर-16 में भव्य तरीके से शुरू होने जा रहा है। यह तीन दिवसीय उत्सव 23 फरवरी 2025 तक चलेगा। इस बार, चंडीगढ़ नगर निगम ने स्पॉन्सरशिप मॉडल अपनाकर इसे जीरो बजट फेस्टिवल के रूप में आयोजित करने की योजना बनाई है, जो इतिहास में पहली बार हो रहा है।
राज्यपाल करेंगे उद्घाटन, लोक नृत्य और फूलों की सजावट होगी आकर्षण
नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार ने बताया कि पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया इस फेस्टिवल का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन समारोह में ढोल की थाप, बैंड परेड, लोक नृत्य और विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। इसके अलावा, पूरे रोज गार्डन को फूलों की मनमोहक सजावट से संवारा जाएगा।
मनोरंजन और ग्लैमर से भरपूर होगा उत्सव
रोज फेस्टिवल में इस बार फूड कोर्ट, ओपन मार्केट, गेम जोन और स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत लोक गायक, सूफी संगीत, ग़ज़ल, भांगड़ा और कवि सम्मेलन जैसी प्रस्तुतियां दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।
बोनसाई प्रदर्शनी और प्रतियोगिताओं का आयोजन
फेस्टिवल के दौरान बोनसाई पौधों की प्रदर्शनी, फोटोग्राफी और पेंटिंग प्रतियोगिता, पतंगबाजी शो, और गटका प्रदर्शन जैसे कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र होंगे।
तीन दिवसीय कार्यक्रम की प्रमुख झलकियां
21 फरवरी (शुक्रवार)
- सुबह 11:00 बजे: मुख्य अतिथि द्वारा उद्घाटन
- 11:10 बजे: ब्रास और पाइप बैंड शो
- 12:30 बजे: लोक नृत्य प्रतियोगिता
- शाम 4:30 बजे: पंजाबी भांगड़ा (चंडीगढ़ निरोल सवाचर अकादमी)
- शाम 5:00 बजे: पंजाबी संगीत संध्या (लोक गायक सुखी बराड़ और समूह)
22 फरवरी (शनिवार)
- सुबह 9:00 बजे: रोज प्रिंस और रोज प्रिंसेस प्रतियोगिता
- सुबह 10:00 बजे: पतंगबाजी शो
- सुबह 10:30 बजे: फोटोग्राफी प्रतियोगिता
- सुबह 11:00 बजे: गतका प्रदर्शन
- दोपहर 2:00 बजे: रोज क्विज प्रतियोगिता
- शाम 4:30 बजे: सूफियाना गायन (बलबीर जी और समूह)
- शाम 6:30 बजे: प्रसिद्ध कलाकार लोपोके ब्रदर्स का लाइव परफॉर्मेंस
23 फरवरी (रविवार)
- सुबह 10:00 बजे: बंगाली कलाकारों की प्रस्तुति
- सुबह 10:30 बजे: ऑन द स्पॉट पेंटिंग प्रतियोगिता
- सुबह 11:00 बजे: अंताक्षरी प्रतियोगिता
- दोपहर 3:00 बजे: समापन समारोह और पुरस्कार वितरण
- शाम 5:00 बजे: गीत और ग़ज़ल (अतुल दुबे एवं समूह)
- शाम 6:30 बजे: कवि सम्मेलन (नवीन नीर एवं समूह)
चंडीगढ़वासियों के लिए यह रोज फेस्टिवल मनोरंजन और संस्कृति का अनूठा संगम साबित होगा। नगर निगम और प्रशासन की ओर से फेस्टिवल की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, जिससे यह आयोजन यादगार बनेगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →