24 फरवरी को निकाय चुनाव को लेकर संकल्प पत्र जारी करेगी भाजपा ;
मुख्यमंत्री रोहतक से जारी करेंगे संकल्प पत्र
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली, मंत्री विपुल गोयल की उपस्थिति में संकल्प पत्र को लेकर हुई बैठक में लिया गया फैसला
हर शहर, हर वार्ड के मुद्दों को संकल्प पत्र में डालने को लेकर घंटों हुई चर्चा
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 20 फरवरी। निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपना संकल्प पत्र लगभग तैयार कर लिया है और यह संकल्प पत्र भाजपा 24 फरवरी को जारी कर देगी। प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली के अनुसार संकल्प पत्र को मुख्यमंत्री नायब सैनी रोहतक के भाजपा कार्यालय मंगल कमल से जारी करेंगे। गुरुवार को गुरुग्राम के भाजपा कार्यालय गुरुकमल में प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा संकल्प पत्र समिति के संयोजक विपुल गोयल, विजयपाल एडवोकेट की उपस्थिति में भाजपा के नेताओं ने संकल्प पत्र तैयार करने को लेकर घंटों मंथन किया। इस बैठक में शहर और वार्डों के मुद्दों पर चर्चा हुई और इसे अगले एक दो दिनों में ही तैयार कर लेने का निर्णय लिया गया। प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली के अनुसार 24 फरवरी को भारतीय जनता पार्टी निकाय संकल्प पत्र जारी कर देगी।
संकल्प पत्र को लेकर 3 बजे ही प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, संकल्प पत्र समिति के संयोजक विपुल गोयल, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, प्रदेश महामंत्री कृष्ण बेदी, एडवोकेट वेदपाल, एडवोकेट विजय पाल सहित तमाम नेता गुरुकमल कार्यालय में पहुंच गए थे। जैसे ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बैठक में पहुंचे वैसे ही मीटिंग में संकल्प पत्र पर विस्तृत चर्चा शुरू हुई। सभी नेताओं ने लोगों और कार्यकर्ताओं द्वारा भेजे गए सुझावों पर भी गहनता से विचार किया और अहम मुद्दे प्वाइंट आउट किए गए। इसके बाद एक-एक मुद्दे पर चर्चा हुई। संकल्प पत्र जारी करने को लेकर बैठक में निर्णय ले लिया गया।
प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने बताया कि 24 फरवरी को भाजपा अपना संकल्प पत्र जारी करेगी। उन्होंने कहा कि संकल्प पत्र में जनता की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे। उन्होंने कहा कि संकल्प पत्र के लिए कुछ और भी अच्छे सुझाव आएंगे तो अगले एक दो दिनों में उन्हें भी शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश के नेता संकल्प पत्र जारी करने के मौके पर उपस्थित रहेंगे।
श्री बड़ौली ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने नगर निगम चुनाव को बड़े मार्जिन से जीतेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों से जनता खुश है और जनता ने ही अपना आशीर्वाद देकर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाई है। अब नगर निकाय चुनाव में भी भाजपा के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित है। केंद्र और प्रदेश में भाजपा सरकार है और अब स्थानीय निकाय में भी भाजपा जीतेगी, इससे प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार तेज से विकास के कार्य करेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा विकास और जनता की सेवा करने वाली पार्टी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में देश और प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। नायब सरकार जनता के कल्याण के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार बनने पर तेजी से बिना रूकावट के विकास होगा। हर गरीब व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाना ही हमारा लक्ष्य है। श्री बड़ौली ने कहा कि निकाय चुनाव में जनता भाजपा प्रत्याशियों को जीताने का मन बना चुकी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →