अमेरिका से 104 भारतीय डिपोर्ट, हरियाणा के 33 व चंडीगढ़ के 2 नागरिक शामिल
रमेश गोयत
अमृतसर/चंडीगढ़: अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे 104 भारतीयों को डिपोर्ट कर बुधवार दोपहर 2 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पर उतारा गया। इन भारतीयों को अमेरिकी मिलिट्री के सी-17 विमान के जरिए वापस भेजा गया, जिसे एयरपोर्ट के पैसेंजर टर्मिनल के बजाय भारतीय वायुसेना के एयरबेस पर लैंड कराया गया। इस विशेष उड़ान ने 4 फरवरी की सुबह 3 बजे अमेरिका से उड़ान भरी थी।
हरियाणा के 33 नागरिक भी शामिल
डिपोर्ट किए गए 104 भारतीयों में हरियाणा के 33, गुजरात के 33, पंजाब के 30, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के 3-3 और चंडीगढ़ के 2 नागरिक शामिल हैं। प्रशासन की ओर से इन्हें उनके गृह राज्यों तक पहुंचाने के लिए सड़क और हवाई मार्ग से भेजने की व्यवस्था की जा रही है।
ट्रंप प्रशासन की सख्ती, आगे भी जारी रहेगा डिपोर्टेशन
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने चुनाव प्रचार के दौरान अमेरिका में अवैध प्रवासियों को देश से बाहर करने का वादा किया था। अब राष्ट्रपति बनने के बाद उन्होंने इस नीति को सख्ती से लागू करना शुरू कर दिया है। भारत के लिए यह पहला अमेरिकी विमान था जो अवैध रूप से रह रहे भारतीय नागरिकों को डिपोर्ट कर वापस लाया, लेकिन भविष्य में ऐसी और भी उड़ानें संभव हैं।
विशेषज्ञों की सलाह:
जो लोग अमेरिका जाने का सपना देखते हैं, उनके लिए यह एक बड़ा सबक है। अवैध तरीके से अमेरिका में बसने की कोशिश करना न केवल असुरक्षित है, बल्कि भविष्य में कानूनी परेशानियों का कारण भी बन सकता है। अगर आप अमेरिका जाना चाहते हैं, तो सही और कानूनी तरीके से वीज़ा और आवश्यक दस्तावेजों के साथ ही यात्रा करें, ताकि आपको डिपोर्टेशन जैसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →