BBMB मुख्यालय पर एटक का अनशन 29वें दिन भी जारी, 16 फरवरी से आमरण अनशन की चेतावनी
बाबूशाही ब्यूरो
चंडीगढ़, 05 फरवरी 2025: भाखड़ा-ब्यास इम्प्लाइज यूनियन (एटक-ऐफी) की ओर से कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर BBMB मुख्यालय, सेक्टर-19B, चंडीगढ़ के समक्ष जारी क्रमिक भूख हड़ताल 29वें दिन में प्रवेश कर चुकी है।
बुधवार को शाखा नरेला यूनिट के प्रदीप कुमार और रविंद्र सिंह को यूनियन के वित्त सचिव लखमीं चंद और काबुल सिंह ने जूस पिलाकर अनशन से उठाया, वहीं अगले 24 घंटे के लिए शाखा पानीपत यूनिट के प्रमोद कुमार और कीमती को अनशन पर बैठाया गया।
BBMB प्रशासन पर अनदेखी का आरोप, 16 फरवरी से आमरण अनशन की चेतावनी
यूनियन के वित्त सचिव लखमीं चंद ने कहा कि 29 दिनों से जारी इस अनशन के बावजूद BBMB प्रशासन ने मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया, जिससे कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ रहा है।
यूनियन ने क्रमिक अनशन के 27वें दिन यह निर्णय लिया था कि यदि 15 फरवरी 2025 तक बोर्ड प्रशासन के साथ बैठक कर समाधान नहीं निकाला गया, तो 16 फरवरी को होने वाली वर्किंग कमेटी की बैठक में आमरण अनशन का फैसला लिया जाएगा।
यूनियन ने चेतावनी दी है कि 16 फरवरी 2025 से आमरण अनशन शुरू किया जाएगा और इस दौरान किसी भी कर्मचारी के साथ कोई भी हादसा या अप्रिय घटना होती है, तो उसकी जिम्मेदारी पूरी तरह BBMB प्रशासन की होगी।
यूनियन की प्रमुख मांगें:
यूनियन महासचिव सुरेश कुमार सैनी ने बताया कि कर्मचारियों की मुख्य मांगें इस प्रकार हैं:
- 2022-23 और 2023-24 का उत्पादन भत्ता जारी करना।
- राजस्थान व अन्य राज्यों से आए कर्मचारियों को BBMB के वेतनमान में शामिल करना।
- अनुबंधित कर्मचारियों को नियमित करना।
- ओवरटाइम, मेडिकल सुविधाएं और छुट्टियों का लाभ नियमित कर्मचारियों की तरह देना।
- 01.01.2016 से 30.06.2021 तक के पे-स्केल एरियर का भुगतान।
- पार्ट-टाइम कर्मचारियों के कार्य समय में वृद्धि और उन्हें डीसी रेट सेंट्रल पैटर्न पर भुगतान।
- BBMB में आउटसोर्स भर्ती बंद कर रिक्त पदों को स्थायी भर्ती से भरना।
- डेली वेज कर्मचारियों के मैनडेज जारी रखते हुए उन्हें नियमित करना।
- ब्यास डैम की गोल्डन जुबली पर कर्मचारियों को दो महीने का अतिरिक्त वेतन।
- पैस्को के माध्यम से रखे गए कर्मचारियों को श्रमायुक्त, चंडीगढ़ के आदेशानुसार लंबित बकाया भुगतान।
16 फरवरी से आमरण अनशन शुरू होगा
यूनियन के वरिष्ठ सदस्य काबुल सिंह (चंडीगढ़) और हिसार यूनिट के पूर्व प्रधान राम कुमार वर्मा ने कहा कि यदि प्रशासन 15 फरवरी तक मांगें नहीं मानता, तो हम 16 फरवरी को हाउस बैठक के तुरंत बाद आमरण अनशन पर पहले नंबर पर बैठेंगे।
BBMB कर्मचारियों का यह आंदोलन अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। अगर प्रशासन जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाता, तो यह प्रदर्शन और तेज हो सकता है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →