प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना में गबन का मामला: ACB हिसार ने आरोपी विनोद कुमार को किया गिरफ्तार
बाबूशाही ब्यूरो
पंचकूला, 5 फरवरी: हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ए.सी.बी.) हिसार की टीम ने सिरसा जिले के गांव चाहरवाला निवासी विनोद कुमार को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की कई धाराओं के तहत दर्ज मामले में की गई।
गबन का आरोप:
आरोपी विनोद कुमार ने ग्राम पंचायत चाहरवाला की पूर्व सरपंच कलावती, उनके पति, भरत सिंह और तत्कालीन ग्राम सचिव सुभाष चंद्र के साथ मिलकर वर्ष 2017-18 में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना (PMAY) के तहत गड़बड़ी की। उसने योजना के तहत विनोद नामक एक अन्य व्यक्ति की आवास आईडी का दुरुपयोग कर सरकारी अनुदान की ₹1,38,000 राशि अपने खाते में डलवा ली, जबकि वह इस योजना का पात्र नहीं था।
गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई:
ए.सी.बी. हिसार ने 4 फरवरी 2025 को आरोपी विनोद कुमार को उसके गांव से गिरफ्तार किया और उसे सिरसा के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) की अदालत में पेश किया। अदालत के आदेश के बाद आरोपी को जिला जेल, सिरसा में भेज दिया गया।
जांच जारी:
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो मामले की विस्तृत जांच कर रहा है और इसमें अन्य आरोपियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। ए.सी.बी. ने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं में गबन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →