फतेहाबाद परिवहन विभाग का हेड क्लर्क रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
रमेश गोयत
पंचकूला, 10 फरवरी 2025: हरियाणा राज्य परिवहन विभाग, फतेहाबाद में तैनात हेड क्लर्क सुनील कुमार को 20,000 रुपये रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) हिसार की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
शिकायतकर्ता विनोद कुमार, निवासी राजीव कॉलोनी, फतेहाबाद ने एसीबी को दी गई शिकायत में आरोप लगाया था कि 2018 में हरियाणा राज्य परिवहन की हड़ताल के दौरान सात अस्थायी कर्मियों को विभाग में काम दिया गया था। इनमें से छह कर्मियों को एचकेआरएन (HKRN) के तहत नियुक्ति मिल चुकी थी, लेकिन उसकी नियुक्ति लंबित थी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, हेड क्लर्क सुनील कुमार ने परिचालक पद पर नियुक्ति दिलाने के बदले 35,000 रुपये की रिश्वत मांगी। इसमें से 20,000 रुपये नियुक्ति से पहले और 15,000 रुपये नियुक्ति के बाद देने की मांग की गई।
रंगे हाथों गिरफ्तारी
शिकायत की जांच के बाद ACB हिसार की टीम ने बस अड्डा, फतेहाबाद पर जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी सुनील कुमार ने विनोद कुमार से 20,000 रुपये रिश्वत ली, टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
मुकदमा दर्ज, पारदर्शिता से हुई कार्रवाई
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ थाना भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हिसार में मामला दर्ज किया गया। इस पूरी कार्रवाई को गवाहों की मौजूदगी में पारदर्शी तरीके से अंजाम दिया गया और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 105 का पूर्ण रूप से पालन किया गया।
भ्रष्टाचार के खिलाफ यह कार्रवाई सरकारी तंत्र में पारदर्शिता बनाए रखने और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →