हरियाणा में बदला मौसम: कई जिलों में बारिश, येलो अलर्ट जारी
बाबूशाही ब्यूरो
चंडीगढ़,19 फरवरी: हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखने लगा है। मंगलवार रात से कई जिलों में मौसम बदला, जिसके चलते हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने 19 और 20 फरवरी के लिए राज्य के कई हिस्सों में येलो अलर्ट जारी किया है।
कहां-कहां होगी बारिश?
बुधवार को सिरसा, हिसार और फतेहाबाद में बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। वहीं, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। राज्य के अन्य हिस्सों में हालांकि धूप खिली हुई है, लेकिन ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
कैसा रहेगा आगे का मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, 21 फरवरी तक हरियाणा में मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। इस दौरान कई इलाकों में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की संभावना रहेगी। हालांकि, 21 फरवरी के बाद मौसम साफ हो जाएगा और तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
कौन सा जिला सबसे ठंडा?
आईएमडी चंडीगढ़ के अनुसार, मंगलवार को हरियाणा में सबसे ठंडा जिला करनाल रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8.0°C दर्ज किया गया। वहीं, फरीदाबाद सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 29.6°C तक पहुंच गया।
- डॉ. मदन खीचड़, मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि फरवरी के अंत तक एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद गर्मी बढ़ने लगेगी और दोपहर के समय लोगों को गर्मी का अहसास होने लगेगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →