Himachal Weather Update: मनाली-केलांग सड़क पर एवलांच, प्रदेश में इस दिन से फिर बारिश-बर्फबारी के आसार
बाबूशाही ब्यूरो, 05 मार्च 2025
कुल्लू। मनाली-केलांग सड़क पर मूलिंग पुल के समीप हिमस्खलन हुआ है। वहीं राज्य में आगामी दिनों में फिर बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है।
हिमाचल प्रदेश में बारिश-बर्फबारी के बाद आज बुधवार को माैसम खुल गया है, लेकिन जनजातीय क्षेत्रों में दुश्वारियां कम नहीं हुई हैं। कई इलाकों में हिमस्खलन का खतरा लगातार बना हुआ है। बुधवार सुबह मनाली-केलांग सड़क पर मूलिंग पुल के समीप एवलांच खिसक गई है। सूचना के बाद बीआरओ की मशीन हिमखंड हटाने में जुट गई।
वहीं मनाली से अटल टनल मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए वनवे खोल दिया गया है। मनाली से अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल के लिए सुबह 10:00 से दोपहर 1:00 बजे तक वाहनों को छोड़ा जाएगा। जबकि दोपहर 2:00 से शाम 4:00 बजे तक अटल टनल से मनाली के लिए वाहनों की आवाजाही होगी। डीएसपी केलांग राजकुमार ने यह जानकारी दी है।
इस दिन से फिर करवट बदलेगा माैसम
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 9 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा। राज्य में 5 से 8 मार्च तक शुष्क मौसम रहने की संभावना है। 9 मार्च को लाहौल-स्पीति, किन्नौर सहित चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों के ऊंचे इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी की संभावना है। 10 और 11 मार्च को राज्य में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। वहीं अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। उसके बाद अगले 3-4 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। 8 मार्च तक अधिकतम तापमान में 4-6 डिग्री सेल्सियस बना रहने की संभावना है। (SBP)
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →