हरियाणा में मौसम का बदला मिजाज: दिन में गर्मी, सुबह-शाम हल्की ठंड
रमेश गोयत
चंडीगढ़,07 मार्च।: हरियाणा में उत्तर-पश्चिमी हवाओं का प्रभाव जारी है, जिससे तापमान में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। सुबह और शाम की हल्की ठंड के बावजूद, दिन में तेज धूप से मौसम गर्म होने लगा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, हवाओं की गति धीमी होने के कारण दिन के तापमान में तेज़ी से बढ़ोतरी नहीं हो रही, लेकिन आने वाले दिनों में गर्मी का असर बढ़ सकता है।
प्रदेश के सात जिलों में पारा 28 डिग्री के पार
हरियाणा के सात जिलों—हिसार, नारनौल-महेंद्रगढ़, सिरसा, चरखी दादरी, फरीदाबाद और पलवल में दिन का तापमान 28 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। महेंद्रगढ़ में सबसे अधिक तापमान 30.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो यह संकेत देता है कि गर्मी धीरे-धीरे दस्तक दे रही है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक तापमान 30 डिग्री के आसपास बना रहेगा। हालांकि, रात में ठंडक बरकरार रहेगी और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री के करीब रह सकता है।
पश्चिमी विक्षोभ से होगा असर
मौसम विभाग के अनुसार, 9 से 12 मार्च के बीच दो कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे, जिससे हरियाणा के मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिलेगा। इसके चलते उत्तरी पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है, जिसका प्रभाव मैदानी इलाकों में भी दिखेगा। हालांकि, मार्च के दूसरे सप्ताह से ठंड का असर कम होने लगेगा और गर्मी की शुरुआत होगी।
होली के बाद बढ़ेगी गर्मी
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि होली के बाद दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी और गर्मी का एहसास ज्यादा होगा। हालांकि, रात के समय ठंडक बनी रहेगी। लोगों को सलाह दी जा रही है कि बदलते मौसम को ध्यान में रखते हुए अपनी दिनचर्या और पहनावे में बदलाव करें ताकि स्वास्थ्य पर कोई असर न पड़े।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →