चंडीगढ़ में बढ़े नए कलेक्टर रेट, व्यापार मंडल ने किया विरोध
रमेश गोयत
चंडीगढ़,05 मार्च। चंडीगढ़ व्यापार मंडल (सीबीएम) के नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजीव चड्ढा ने हाल ही में प्रशासन द्वारा कलेक्टर रेट बढ़ाने पर चिंता जताते हुए कहा कि इस समय शहर में कलेक्टर रेट को बढ़ाने की बजाय उन्हें कम करने की जरूरत है। उनका मानना है कि कमर्शियल प्रॉपर्टी के कलेक्टर रेट बेहद ज्यादा तय किए गए हैं, जिनके कारण व्यापारियों के लिए मुश्किलें बढ़ रही हैं।
संजीव चड्ढा ने यह भी कहा कि कई स्थानों पर प्रॉपर्टी की कीमत से भी ज्यादा कलेक्टर रेट निर्धारित किए गए हैं, जो व्यापारियों के लिए एक बड़ी समस्या बन चुके हैं। उन्होंने अधिकारियों से जल्द ही मिलने की योजना बनाई है, जहां वे कलेक्टर रेट के बढ़ोतरी के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
चड्ढा ने यह भी बताया कि शहर के व्यापारी पहले से ही विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं, और प्रशासन को इन समस्याओं को हल करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। उनका कहना था कि कलेक्टर रेट बढ़ाने से पंचकूला और मोहाली जैसे आसपास के क्षेत्रों को फायदा होगा, क्योंकि कई व्यापारी पहले ही व्यापार विरोधी नीतियों के कारण चंडीगढ़ से शिफ्ट हो चुके हैं।
उन्होंने प्रशासन से अपील की कि व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर रेट पर पुनर्विचार किया जाए ताकि चंडीगढ़ में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिले और व्यापारियों को राहत मिले।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →