International Mandi Sivratri 2025 : अंतरराष्ट्रीय मंडी शिवरात्रि में धरती पर उतरा स्वर्ग
अंतिम जलेब में 50 हजार देवलु और 350 देवताओं का दुनिया ने देखा नजारा
बाबूशाही ब्यूरो, 06 मार्च 2025
मंडी। देवआस्था से परिपूर्ण सात दिनों तक आयोजित देव महाकुंभ अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव मंडी 2025 बुधवार को संपन्न हो गया। बुधवार को राजमाधव की अंतिम शाही जलेब निकाली गई। महोत्सव में मंडी जिला के सराज, दरंग, सदर, बल्ह और अन्य क्षेत्रों से आए 350 से अधिक देवी-देवता सात दिनों तक प्रशासन और छोटी काशी के मेहमान रहे।
महोत्सव में 50 हजार से अधिक देवलुओं और लाखों लोगों ने पहुंचकर देव महाकुंभ में डुबकी लगाई। इस महापर्व के अंतिम दिन में प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने देवी-देवताओं के संग शिरकत की। अंतिम जलेब में भी छोटी काशी के भगवान राजमाधव अपनी पालकी में सवार होकर निकले।
शाही जलेब के बाद पड्डल मैदान में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल ने अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का विधिवत समापन किया। महोत्सव में 216 देवी-देवताओं में 192 देवी-देवता पहुंचे, लेकिन 150 के करीब पहुंचे अन्य देवी देवताओं ने महोत्सव की रौनक और बढ़ा दिया। कुल्लू से आए देवता अनंत बालूनाग और देवता खुड्डीजल भी शिवरात्रि महोत्सव की रौनक रहे। सांस्कृतिक संध्याओं को भी इस बार अंतराष्ट्रीय स्तर का दर्जा मिला।
हजारों भक्तों ने भरी हाजिरी
अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में इस बार बहुत अधिक भीड़ देखी गई। दूसरी शाही जलेब में उमड़ी भीड़ ने पहली शाही जलेब के भी रिकार्ड तोड़ दिए, तो बुधवार को आयोजित अंतिम शाही जलेब में पिछले कई वर्षों के मुकाबले हजारों लोग देवी-देवताओं के दर्शनों को उमड़े। उपायुक्त कार्यालय से लेकर पड्डल मैदान में हजारों लोग शाही जलेब के गवाह बने। (SBP)
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →