Himachal News: ऐतिहासिक रिज पर लगेगी छह बार सीएम रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा
राजा वीरभद्र सिंह फाउंडेशन उठाएगी प्रतिमा का खर्च, सरकार से नहीं ली जाएगी मदद, सुक्खू से करवाएंगे उद्घाटन
जयंती समारोह में 23 जून को होगा अनावरण : विक्रमादित्य
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 06 अप्रैल 2025: प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह की रिज मैदान पर हिमाचल निर्माता यशवंत सिंह परमार की प्रतिमा के साथ प्रतिमा स्थापित की जाएगी। वीरभद्र सिंह की 23 जून 2025 को प्रस्तावित जयंती समारोह में प्रतिमा का अनावरण होगा। इस प्रतिमा को स्थापित करने का पूरा खर्च राजा वीरभद्र सिंह फाउंडेशन उठाएगी।
इसके लिए सरकार से कोई मदद नहीं ली जाएगी। यह जानकारी फाउंडेशन के चेयरमैन एवं लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने पत्रकारवार्ता में दी। उन्होंने कहा कि प्रतिमा को स्थापित करने के लिए सरकार कोई पैसा खर्च नहीं करेगी। प्रतिमा स्थापित करने की सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। इस साल 23 जून को स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की जयंती पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से दौलत सिंह पार्क में इस प्रतिमा का अनावरण करवाया जाएगा।
प्रतिमा का निर्माण रिज मैदान पर लगी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की मूर्ति बनाने वाले मूर्तिकार से ही करवाया जाएगा। कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के समर्थकों और सम्मान देने वालों की भावनाओं को देखते हुए प्रतिमा स्थापित करने के लिए यह फाउंडेशन बनाई है। इसकी शेष बची औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए इसमें चार लोग शामिल किए हैं। आने वाले समय में इसमें और लोगों को शामिल किया जाएगा। ट्रस्ट दलगत राजनीति से ऊपर उठकर काम करेगा, इसमें किसी भी पार्टी, विचारधारा के लोग जुड़ सकेंगे। (SBP)
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →