बीबीएमबी कर्मचारियों की क्रमिक भूख हड़ताल 27वें दिन में दाखिल, 16 फरवरी से आमरण अनशन की चेतावनी
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 03 फरवरी 2025 – भाखड़ा ब्यास इम्प्लाईज यूनियन (एटक-एफआई) द्वारा कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर बीबीएमबी मुख्यालय, सेक्टर-19 बी, चंडीगढ़ के समक्ष जारी क्रमिक भूख हड़ताल सोमवार को 27वें दिन में प्रवेश कर गई।
आज संगरूर-पटियाला यूनिट के प्रधान सरबजीत सिंह और साथी जगसीर सिंह को हिसार शाखा के रामकुमार वर्मा और महासचिव सुरेश कुमार सैनी ने जूस पिलाकर भूख हड़ताल से उठाया। इसके बाद अगले 24 घंटे के लिए संगरूर-पटियाला के रुप राम और हिसार शाखा के राम कुमार को हार पहनाकर भूख हड़ताल पर बैठाया गया।
आंदोलन तेज करने की तैयारी
यूनियन महासचिव सुरेश कुमार सैनी ने बताया कि 27 दिन से जारी भूख हड़ताल के बावजूद बीबीएमबी प्रशासन ने अभी तक कोई समाधान नहीं निकाला। इससे कर्मचारियों में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि यदि 15 फरवरी 2025 तक बोर्ड अध्यक्ष और प्रशासन यूनियन से बैठक कर समाधान नहीं निकालते, तो 16 फरवरी 2025 को वर्किंग कमेटी की हाउस बैठक में आमरण अनशन शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा।
यूनियन की प्रमुख मांगें:
2022/23 और 2023/24 का उत्पादन भत्ता जारी करना।
राजस्थान व अन्य राज्यों से आए कर्मचारियों को बीबीएमबी वेतनमान देना।
अनुबंधित कर्मचारियों को नियमित करना व ओवरटाइम, मेडिकल और छुट्टियों जैसी सुविधाएं देना।
1 जनवरी 2016 से 30 जून 2021 तक का बकाया एरियर जारी करना।
पार्ट-टाइम कर्मचारियों का समय बढ़ाना और डीसी रेट लागू कर नियमित करना।
कैशलेस मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराना।
आउटसोर्सिंग बंद कर सीधी भर्ती करना और डेली वेज कर्मचारियों को स्थायी रोजगार देना।
ब्यास डैम की 50वीं वर्षगांठ पर सभी कर्मचारियों को दो माह का अतिरिक्त वेतन देना।
पेस्को के माध्यम से नियुक्त कर्मचारियों को श्रमायुक्त चंडीगढ़ के आदेशानुसार बकाया एरियर जारी करना।
16 फरवरी से आमरण अनशन शुरू होगा
पूर्व प्रधान काबुल सिंह (चंडीगढ़) और रामकुमार वर्मा (हिसार) ने ऐलान किया कि यदि 15 फरवरी तक प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठाता, तो 16 फरवरी को आमरण अनशन की शुरुआत वे खुद करेंगे।
यूनियन ने स्पष्ट किया कि जब तक सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। अगर किसी भी कर्मचारी के साथ कोई अनहोनी होती है, तो उसकी जिम्मेदारी बोर्ड अध्यक्ष और संबंधित अधिकारियों की होगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →