हरियाणा में मौसम ने बदला मिजाज, ठंड बढ़ी लेकिन आज से मिलेगी राहत
बाबूशाही ब्यूरो
चंडीगढ़, 5 फरवरी। हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के असर से लगातार दो दिन की बारिश के बाद ठंड में इजाफा हुआ है। हालांकि, आज यानी बुधवार से मौसम साफ होने और धूप निकलने की संभावना है, जिससे लोगों को ठंड से राहत मिलेगी। लेकिन कई जिलों में घना कोहरा और शीतलहर जारी रहने से सर्दी का असर बना रहेगा।
आज से धूप खिलने की संभावना
मौसम वैज्ञानिक डॉ. देवीलाल ने कहा कि 5 फरवरी से दिन में धूप निकलने की संभावना है और मौसम साफ रहेगा। फिलहाल हरियाणा में दिन का तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है। ठंड और धुंध का बने रहना गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है, क्योंकि ज्यादा गर्मी गेहूं की पैदावार पर नकारात्मक असर डाल सकती है।
सिरसा सबसे ठंडा, फरीदाबाद सबसे गर्म
आईएमडी चंडीगढ़ के अनुसार, मंगलवार को हरियाणा में सबसे अधिक तापमान फरीदाबाद (24.4°C) दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान सिरसा (7.6°C) में रहा।
मौसम फसलों के अनुकूल, किसान सतर्क रहें
मौसम वैज्ञानिक डॉ. राजेश के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के चलते हरियाणा में मौसम परिवर्तनशील बना हुआ है। रात का तापमान गिर सकता है, जबकि दिन का तापमान हल्का बढ़ सकता है। हालांकि, ठंड और कोहरा फसलों के लिए लाभदायक है। किसानों को फसलों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
हरियाणा की आबोहवा में सुधार
राज्य के एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) में पहले से सुधार देखा गया है। हालांकि, कुछ शहरों में AQI अभी भी 200 के पार बना हुआ है।
- चरखी दादरी - 200 AQI
- चंडीगढ़ - 208 AQI
- गुरुग्राम - 254 AQI
- फरीदाबाद - 173 AQI
बदलते मौसम में स्वास्थ्य पर असर
बढ़ते-घटते तापमान के कारण सर्दी-खांसी और बुखार के मामले बढ़ रहे हैं। डॉक्टरों ने लोगों को सतर्क रहने और बदलते मौसम में विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है, ताकि बीमारियों से बचा जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →