नेशनल डिफेंस कॉलेज के छात्रों के प्रतिनिधिमंडल ने मोहाली के गांव का किया दौरा
पंचायती राज संस्थाओं की योजनाओं के जमीनी स्तर पर कामकाज को समझने के लिए सिंघपुरा की ग्राम पंचायत से बातचीत की
रमेश गोयत
मोहाली, 04 फरवरी।
अध्ययन यात्रा के तहत् नेशनल डिफेंस कॉलेज के सेना, सिविल सेवा और मित्र देशों से ब्रिगेडियर/संयुक्त सचिव के समकक्ष रैंक के 6 विदेशी प्रतिनिधियों सहित, 15 अधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को एस ए एस नगर के सिंघपुरा गांव का दौरा किया। विवरण देते हुए, अतिरिक्त उपायुक्त (ग्रामीण विकास) सोनम चौधरी ने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य सामाजिक-राजनीतिक-आर्थिक, सांस्कृतिक और धार्मिक पहलुओं, प्रशासन, शासन की चुनौतियों और राज्य स्तर पर और गांव स्तर तक कानून व्यवस्था के क्रियान्वन को देखना था।
उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल पांच दिवसीय राज्य दौरे पर है, जिसका आयोजन महात्मा गांधी राज्य लोक प्रशासन संस्थान, पंजाब द्वारा उपरोक्त संदर्भ में किया जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल द्वारा आने वाले दिनों में श्री आनंदपुर साहिब और अमृतसर सहित राज्य के बाकी हिस्सों का दौरा करना है। प्रतिनिधिमंडल में भारतीय सेना, भारतीय नौसेना, भारतीय वायु सेना, मंगोल सेना, श्रीलंकाई सेना, मिस्र सेना, कोरियाई सेना, ओमान सेना और रूसी सेना के सदस्यों के अलावा भारतीय पर्यटन सेवाओं के टूर समन्वयक शामिल थे।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने गांव में पहले से चल रही जलापूर्ति परियोजना और सीवरेज ट्रीटमेंट परियोजना का दौरा किया। ग्रामीण स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों पर आधारित एक प्रदर्शनी भी उन्हें दिखाई गई। पंचायती राज संस्था में महिलाओं की भूमिका के बारे में पूछे जाने पर उन्हें पंचायती राज संस्थाओं में सरपंच और पंच के रूप में महिलाओं की 50 प्रतिशत भागीदारी के बारे में बताया गया। खरड़ के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी महकमीत सिंह द्वारा पंचायती राज संस्था की कार्यप्रणाली पर एक पीपीटी उन्हें विस्तार से बताई गई। विद्यार्थियों द्वारा कविता पाठ करके प्रतिनिधिमंडल का मनोरंजन भी किया गया। अतिरिक्त उपायुक्त (ग्रामीण विकास) सोनम चौधरी द्वारा प्रतिनिधिमंडल को ग्राम पंचायतों की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी गई। प्रतिनिधिमंडल के दौरे की याद को सदैव बनाए रखने के लिए सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सिंघपुरा के परिसर में एक पौधा भी लगाया गया। इस अवसर पर जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी बलजिंदर सिंह ग्रेवाल और गांव की ग्राम पंचायत भी मौजूद थी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →