यूटी कर्मचारियों का तीसरे दिन भी विरोध जारी, काले बिल्ले लगाकर जताया रोष
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 3 अप्रैल 2025: अपनी मांगों को लेकर यूटी कर्मचारियों ने तीसरे दिन भी काले बिल्ले लगाकर विरोध जताया और अपने-अपने विभागों में काम किया। ज्वाइंट एक्शन कमेटी के नेतृत्व में चल रहे इस विरोध में कर्मचारियों ने चंडीगढ़ प्रशासन और नगर निगम (एमसी) द्वारा उनकी मांगों की अनदेखी पर रोष जताया।
1 से 7 अप्रैल तक चलेगा विरोध, 8 अप्रैल को गृह मंत्री को भेजा जाएगा मांग पत्र
संयोजक अश्वनी कुमार, चेयरमैन सुरमुख सिंह, संयुक्त सचिव कमल कुमार, कुलदीप सिंह, याद राम, अशोक कुमार, गुरमीत सिंह और रूप सिंह ने बताया कि काले बिल्ले लगाने का यह विरोध 1 अप्रैल से 7 अप्रैल तक जारी रहेगा।
यदि प्रशासन ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो 8 अप्रैल को चंडीगढ़ डीसी के माध्यम से गृह मंत्री अमित शाह को मांग पत्र सौंपा जाएगा।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगे:
-
आउटसोर्स कर्मचारियों के शोषण को रोकने के लिए सुरक्षित पॉलिसी बनाई जाए।
-
समान कार्य के लिए समान वेतन लागू किया जाए।
-
ठेकेदारों द्वारा पैसे मांगने पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
-
समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
-
डीसी रेट में 15% की बढ़ोतरी की जाए।
-
डेली वेज कर्मचारियों को छठे और सातवें वेतन आयोग का लाभ दिया जाए।
-
रिक्त पदों को जल्द भरा जाए।
-
दिसंबर 1996 के बाद भर्ती हुए डेली वेज कर्मचारियों को प्रशासन द्वारा बनाई गई पॉलिसी में कवर कर नियमित किया जाए।
-
पांच फीसदी सीलिंग खत्म कर मृतक कर्मचारियों के परिजनों को नौकरी दी जाए।
-
इंजीनियरिंग विभाग में कार्यरत माली और चपरासियों को प्रमोशन दी जाए।
-
कर्मचारियों को साबुन और तेल का भुगतान किया जाए।
-
यूटी कर्मचारियों को केंद्र की तर्ज पर कैशलेस मेडिकल सुविधा दी जाए।
-
मिड-डे मील वर्कर्स का वेतन बढ़ाया जाए।
प्रशासन की चुप्पी से कर्मचारियों में बढ़ रहा आक्रोश
संयोजक अश्वनी कुमार ने कहा कि कर्मचारी शांतिपूर्ण तरीके से काम जारी रखते हुए प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रकट कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो विरोध को और तेज किया जाएगा।
-
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →