रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया सब-इंस्पेक्टर
रमेश गोयत
पंचकूला, 3 फरवरी 2025 – हरियाणा भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) करनाल की टीम ने थाना बरोदा, जिला सोनीपत में तैनात सब-इंस्पेक्टर (SI) राजकुमार को ₹20,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
शिकायतकर्ता की आपबीती
गांव भावड, तहसील गोहाना के निवासी राजेंद्र सिंह ने ACB करनाल को दी गई शिकायत में बताया कि 28 सितंबर 2024 को उसकी भांजी अपने गांव आई थी, जहां गांव के एक युवक आतीश ने उससे छेड़छाड़ की। इस घटना के बाद 30 सितंबर को दोनों परिवारों के बीच झगड़ा हो गया, जिसके चलते राजेंद्र के भाई जोगेंद्र, विनोद और उसके भतीजे सौरभ व रमन के खिलाफ 1 अक्टूबर 2024 को FIR नंबर 287 दर्ज हुई।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी भांजी के साथ हुई छेड़छाड़ के मामले में भी एक अन्य केस (FIR नंबर 352/2024) दर्ज हुआ, लेकिन इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई थी। दोनों मामलों की जांच SI राजकुमार कर रहे थे।
रिश्वत मांगने का आरोप
राजेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि SI राजकुमार ने उनसे ₹20,000 रिश्वत की मांग की। यह रिश्वत उनके भाइयों व भतीजों की जमानत करवाने और छेड़छाड़ के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मांगी गई।
रंगे हाथों गिरफ्तारी
ACB करनाल ने शिकायत की पुष्टि के बाद 3 फरवरी 2025 को थाना बरोदा परिसर में SI राजकुमार को शिकायतकर्ता से ₹20,000 लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने किया मामला दर्ज
SI राजकुमार के खिलाफ थाना भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रोहतक में मामला दर्ज किया गया। यह पूरी कार्रवाई गवाहों की उपस्थिति में पारदर्शिता के साथ की गई।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी रिश्वत मांगता है, तो वे तुरंत ACB से संपर्क करें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →