हरियाणा और चंडीगढ़ में बारिश का येलो अलर्ट, तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ी
बाबूशाही ब्यूरो
चंडीगढ़, 4 फरवरी 2025: हरियाणा और चंडीगढ़ में मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने फतेहाबाद, करनाल, जींद, कैथल और कुरुक्षेत्र में येलो अलर्ट जारी किया है और इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। चंडीगढ़ में भी अगले दो दिनों तक बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
शीतलहर और कोहरे ने बढ़ाई मुश्किलें
बारिश और पश्चिमी विक्षोभ के असर से अचानक ठंड बढ़ गई है। शीतलहर के चलते दिन में भी ठंड का एहसास हो रहा है। कई इलाकों में घना कोहरा छाने से वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बीते हफ्ते तापमान में बढ़ोतरी के कारण ठंड में कुछ राहत मिली थी, लेकिन अब फिर से सर्दी का असर दिखने लगा है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पॉल के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है। मंगलवार और बुधवार को हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश होने की संभावना है। खासकर पहाड़ों से सटे इलाकों में ठंड और बढ़ सकती है।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने 7 फरवरी तक का पूर्वानुमान जारी किया है। आने वाले दिनों में पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन सुबह और देर रात घना कोहरा देखने को मिलेगा। बारिश के बाद ठंड फिर से बढ़ सकती है। नागरिकों को मौसम को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →