हिमाचल प्रदेश के पहले डीजीपी का निधन, 1958 बैच के आईपीएस अफसर थे आईबी नेगी
बाबूशाही ब्यूरो, 06 मार्च 2025
शिमला। हिमाचल प्रदेश पुलिस के प्रथम पुलिस महानिदेशक आईबी नेगी (सेवानिवृत्त) के निधन पर हिमाचल प्रदेश पुलिस ने शोक व्यक्त किया है। आईबी नेगी का जन्म 31 अक्तूबर, 1932 को किन्नौर जिला के सांगला गांव में हुआ था। वह 1958 बैच के आईपीएस अधिकारी थे और उत्तर प्रदेश कैडर से संबंध रखते थे। अपने लंबे और गौरवपूर्ण करियर में उन्होंने कई महत्त्वपूर्ण पदों पर कार्य किया।
आईबी नेगी ने उत्तर प्रदेश में राज्यपाल के एडीसी के रूप में सेवाएं दीं और नैनीताल व लखीमपुर खीरी में पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्य किया। वे लखनऊ में एसपी, सीआईडी उत्तर प्रदेश के पद पर भी रहे। उन्होंने अर्धसैनिक बलों में विभिन्न महत्त्वपूर्ण पदों पर कार्य किया, जिसमें आईटीबीपी और एसएसबी में उत्तर-पूर्व सीमांत क्षेत्र और अरुणाचल प्रदेश में तैनाती शामिल थी। 1978 में दिल्ली पुलिस आयुक्तालय की स्थापना में प्रमुख भूमिका निभाई।
इसके अलावा वे सीआरपीएफ अकादमी, माउंट आबू में उपनिदेशक तथा एसएसबी शिमला में निदेशक के रूप में कार्यरत रहे। यहीं से उन्हें 1986 में हिमाचल प्रदेश पुलिस का नेतृत्व करने के लिए नियुक्त किया गया। वे 1990 में अपनी सेवानिवृत्ति तक पुलिस महानिदेशक के रूप में कार्यरत रहे और हिमाचल प्रदेश पुलिस के प्रथम डीजीपी बनने का गौरव प्राप्त किया।
पुलिस में बहुमूल्य सेवाएं, सीएम ने जताया शोक
शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंद सिंह सुक्खू ने बुधवार को प्रदेश के पहले पुलिस महानिदेशक आईबी नेगी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। किन्नौर जिला से संबंधित आईबी नेगी का शिमला में निधन हुआ, वह 93 वर्ष के थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आईबी नेगी ने पुलिस में विभिन्न पदों पर बहुमूल्य सेवाएं प्रदान कीं। वहीं राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने आईबी नेगी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। (SBP)
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →