प्रधानमंत्री मोदी ने दी हरियाणा को विकास की ऐतिहासिक सौगातें, जनसैलाब ने किया स्वागत
कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा बोले — यह जनता का सच्चा समर्थन, मोदी के नेतृत्व में हरियाणा हो रहा सशक्त
बाबूशाही ब्यूरो
चंडीगढ़, 15 अप्रैल:
हरियाणा के यमुनानगर और हिसार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को ऐतिहासिक बताते हुए राज्य के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हरियाणा के विकास की नई शुरुआत है। डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर आयोजित इन जनसभाओं में मोदी ने प्रदेश को कई बड़ी परियोजनाओं की सौगात दी।
राणा ने बताया कि यमुनानगर में पंचवटी योजना और सिंचाई परियोजनाएं, तथा हिसार में एम्स जैसी बड़ी स्वास्थ्य परियोजना हरियाणा को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हरियाणा को लगातार विशेष प्राथमिकता मिल रही है।
भीषण गर्मी और फसल कटाई के बावजूद उमड़ा जनसैलाब
कृषि मंत्री ने कहा कि हजारों की संख्या में लोग, विशेषकर किसान और मजदूर, भीषण गर्मी व खेती के व्यस्त मौसम में भी मोदी जी को सुनने रैलियों में पहुंचे। यह दिखाता है कि जनता केवल श्रोता नहीं, बल्कि देश के विकास में सक्रिय भागीदार बन चुकी है।
परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा करने का भरोसा
श्याम सिंह राणा ने आश्वस्त किया कि प्रधानमंत्री द्वारा घोषित सभी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा ताकि हर गांव, हर किसान और हर नागरिक तक विकास का लाभ पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह जनसमर्थन बताता है कि हरियाणा, मोदी जी के नेतृत्व पर भरोसा करता है और उनके विज़न के साथ खड़ा है।
राणा ने सभी कार्यकर्ताओं, किसानों और आम नागरिकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह विकास यात्रा अब रुकने वाली नहीं — यह आगे और तेज़ गति से बढ़ेगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →