चंडीगढ़ मुख्यालय में ISO की बैठक, अर्जुन चौटाला बोले- इनेलो निभा रही असली विपक्ष की भूमिका
बाबूशाही ब्यूरो
चंडीगढ़, 21 अप्रैल। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की छात्र इकाई इंडियन स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन (ISO) की एक अहम बैठक आज चंडीगढ़ स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ISO के राष्ट्रीय प्रभारी व रानियां से विधायक अर्जुन चौटाला ने की। इस अवसर पर ISO के प्रदेशाध्यक्ष साहिलदीप कसवां, चंडीगढ़ अध्यक्ष आर्यन बेनीवाल, पुनीत, राहुल, गुरजीत नैन और मनोज गुज्जर भी उपस्थित रहे।
बैठक में छात्र संगठन को हरियाणा व चंडीगढ़ के शिक्षण संस्थानों में सशक्त बनाने को लेकर चर्चा की गई। अर्जुन चौटाला ने बताया कि आगामी छह महीनों में संगठन की सदस्यता बढ़ाई जाएगी और छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके तहत ब्लड डोनेशन कैंप, नशा मुक्ति अभियान और सफाई अभियान चलाए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पिछली बार पंजाब यूनिवर्सिटी में ISO को दूसरा सबसे बड़ा समर्थन मिला था और इस बार चंडीगढ़ के सभी कॉलेजों व विश्वविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव लड़े जाएंगे और जीत दर्ज की जाएगी।
कांग्रेस पर बोला हमला, बोले- 2 विधायक भी निभा रहे विपक्ष की भूमिका
सिरसा के विधायक गोकुल सेतिया द्वारा बीजेपी की तारीफ करने पर प्रतिक्रिया देते हुए अर्जुन चौटाला ने कहा कि उनका बयान कांग्रेस की आंतरिक कमजोरी को उजागर करता है। उन्होंने कहा, "जिस पार्टी में कार्यकर्ताओं और विधायकों की नहीं सुनी जाती, वह आगे नहीं बढ़ सकती।"
अर्जुन चौटाला ने कहा कि कांग्रेस भले ही आंकड़ों में मुख्य विपक्षी पार्टी है, लेकिन विपक्ष की वास्तविक भूमिका इनेलो निभा रहा है। उन्होंने कहा, "जहां कांग्रेस के पास 37 विधायक हैं, वहीं इनेलो के सिर्फ 2 विधायक ही विधानसभा में बीजेपी सरकार को मजबूती से घेरते हैं। कांग्रेस का संगठन अब बिखर चुका है और कुछ गिने-चुने नेताओं ने पार्टी पर कब्जा कर रखा है, जिनका राजनीतिक समय समाप्त हो चुका है।"
ISO की इस बैठक को आने वाले छात्र संघ चुनावों और संगठनात्मक विस्तार की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →