Himachal's Prison Booked with Drug Peddlers: नशा तस्करों से भरी हिमाचल की जेलें, सभी कारावासों में क्षमता से अधिक मुजरिम
बाबूशाही ब्यूरो
शिमला, 20 अप्रैल 2025 : नशा तस्करों से हिमाचल प्रदेश की जेलें भरने लगी हैं। प्रदेश की जेलों में एनडीपीएस के केसों के 1353 कैदी बंद हैं, इनमें 1296 पुरुष और 57 महिलाएं शामिल हैं।
पुलिस की नशा तस्करों पर कार्रवाई के बाद प्रदेश की जेलों में अंडर ट्रायल और नशा तस्करी के केसों में शामिल कैदियों से जेलें भरने लगी हैं। प्रदेश की जेलों में क्षमता से अधिक कैदी बंद हैं।
इनमें सबसे अधिक अंडर ट्रायल केसों के कैदी बंद है। प्रदेश के जेलों में एनडीपीएस के केसों में कनविक्टेड 333 कैदी बंद हैं, इनमें 322 पुरुष और 11 महिलाएं शामिल हैं। इसके अलावा एनडीपीएस के अंडर ट्रायल केसों के 1020 कैदी जेलों में बंद हैं, इनमें 974 पुरुष और 46 महिलाएं शामिल हैं।
ऐसे में अब हिमाचल प्रदेश में चल रही 14 जेलें कैपेस्टी से काफी अधिक कैदियों को रखने के लिए मजबूर है। इसमें कांगड़ा, मंडी, बिलासपुर, चंबा, कुल्लू, कैथू व सोलन जिलों की जेलें कैदियों से ओवरलोड हो गई हैं, इनमें क्षमता से ज्यादा कैदी हो गए हैं।
प्रदेश में 14 मॉडल, ओपन, जिला और सब जेलें हैं। इनकी क्षमता 2580 कैदियों की है, इसमें 2370 पुरुष और 210 महिला कैदी रह सकते हैं, जबकि वर्तमान इन जेलों में 3136 कैदी हैं, इनमें 3015 पुरुष तो 121 महिला कैदी शामिल हैं। एनडीपीएस के केसों में कंडा जेल में 102 पुरुष और तीन महिलाएं, नाहन जेल में 101 पुरुष और तीन महिलाएं, एआईआर जेल बिलासपुर में सात पुरुष, चंबा जेल में 33 पुरुष और एक महिला, धर्मशाला जेल में 29 पुरुष और चार महिलाएं, हमीरपुर जेल में तीन पुरुष, कुल्लू में दो, कैथू में आठ, मंडी में छह, नूरपुर जेल में दो, सोलन में एक, ऊना की बनगढ़ जेल में नौ, नालागढ़ में 18 और सब जेल कल्पा में एक व्यक्ति एनडीपीएस के केस में बंदी है। (SBP)
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →