Shimla Breaking : मालरोड पर पुलिस और पर्यटकों के बीच हंगामा, मस्ती में झूम रहे थे राजस्थान के पर्यटक
बाबूशाही ब्यूरो, 02 फरवरी 2025
शिमला। प्रदेश की राजधानी शिमला के मालरोड पर रविवार देर शाम पर्यटकों और पुलिस के बीच हंगामा हो गया। मालरोड पर राजस्थान व हरियाणा के करीब 70 से 80 पर्यटकों का एक समूह घूम रहा था। ये लोग मालरोड पर नाच गा रहे थे। जब पुलिस की टीम ने पर्यटकों के समूह को नाच गाने से रोका तो पुलिस और पर्यटकों के बीच बहस हो गई।
देर शाम तक यह बहस चलती रही। पर्यटकों का समूह पुलिस कंट्रोल रूम के बाहर धरने पर बैठ गया। पर्यटकों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके साथ बुरा व्यवहार किया है, जबकि दूसरी ओर पुलिस का कहना था कि उन्होंने सिर्फ अपनी डयूटी का पालन किया। देर शाम तक पुलिस की टीम व पर्यटकों के बीच बहस चलती रही। बता दें कि शिमला के रिज व मालरोड पर धारा 163 लगी रहती है। ऐसे में यहां पर शोर मचाना, हुड़दंग मचाना व हुड़दंग मचाने के अनुमति नहीं है।
हालांकि इस नियम में विशेष मौकों पर प्रशासन व पुलिस की ओर से ढील भी दी जाती है, लेकिन सामान्य दिनों में ऐसा करना संभव नहीं है। रिज मैदान पर गाड़ियों के आने के लिए प्रतिबंध रहता है। सिर्फ विशेष परिस्थितियों में एंबुलेंस जा सकती है और मुख्यमंत्री और राज्यपाल की गाड़ी ही रिज मैदान पर आ सकती है। ऐसे में यहां पर सुरक्षा के लिहाज से धारा 163 लगाई जाती है ताकि रिज मैदान व मालरोड पर बाहर से आने वाले पर्यटकों को कोई परेशानी ना हो और उन्हें सुरक्षा व्यवस्था मुहैया करवाई जा सके।
एएसपी नवदीप सिंह का कहना है कि पर्यटकों को प्रतिबंधित स्थान पर नियमों का उल्लंघन करने से रोका गया। पुलिस ने अपना कर्तव्य का पालन किया है। (SBP)
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →