Sardar Sobha Singh : बैसाखी पर महान चित्रकार सोभा सिंह पर पंजाब कला भवन, चंडीगढ़ में हुआ विशेष स्मृति कार्यक्रम
बाबूशाही ब्यूरो
चंडीगढ़, 13 अप्रैल 2025 : बैसाखी के पावन अवसर पर प्रसिद्ध संत-दार्शनिक और चित्रकार सोभा सिंह की स्मृति में एक विशेष कार्यक्रम पंजाब कला भवन, चंडीगढ़ में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. हृदयपाल सिंह द्वारा "सोभा सिंह: कलाकार – जीवन और विरासत" विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने कलाकार के संघर्षपूर्ण जीवन और चित्रकला की ऊँचाइयों तक पहुँचने की प्रेरणादायक यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वर्ष 1919 के जलियाँवाला बाग हत्याकांड के समय सोभा सिंह वहीं उपस्थित थे, परंतु सौभाग्यवश वे उस त्रासदी से बच निकले।
डॉ. सिंह ने अमृतसर, लाहौर, दिल्ली और अंततः अंद्रेटा (हिमाचल प्रदेश) – जहाँ उन्होंने अपना अंतिम बसेरा बनाया – में बिताए गए जीवन का चित्रमय विवरण प्रस्तुत किया। इस दौरान दुर्लभ चित्रों और स्लाइड शो द्वारा उनके जीवन की झलकियाँ साझा की गईं।
प्रख्यात चित्रकार आर.एम. सिंह ने स्वर्गीय सोभा सिंह के धार्मिक, प्रेम, ऐतिहासिक, राष्ट्रनायकों और व्यक्ति चित्र(पोट्रेट) विविध विषयों पर आधारित उत्कृष्ट कलाकृतियों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के.बी.एस. सिद्धू ने सोभा सिंह की स्मृति में सोभा सिंह कला पुरस्कार की स्थापना में सहयोग देने का वचन दिया। यह पुरस्कार एक लाख रुपये की राशि के साथ उन कलाकारों को प्रदान किया जाएगा जो सोभा सिंह की परंपरा को आगे बढ़ाते हैं।
लेखिका सुनंदा मेहता ने शहीद चरण सिंह की कविता पर अपनी भावपूर्ण टिप्पणी साझा की। कार्यक्रम का प्रभावशाली आयोजन प्रो. सुनील भाटिया और उनकी ' सिफत' संस्था द्वारा किया गया, जिसमें कई प्रतिष्ठित शिक्षाविदों, प्रशासनिक अधिकारियों, चिकित्सकों, कलाकारों और नागरिकों ने भाग लिया। साथ ही, विभिन्न कला संस्थानों के छात्र-छात्राएं भी उपस्थित रहे। (SBP)
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →