पीयू आर्ट्स ब्लॉक-3 का नाम बदलेगा, अब कहलाएगा “डॉ. मनमोहन सिंह हॉल”
पूर्व पीएम को समर्पित संगोष्ठी में बेटी दमन सिंह देंगी व्याख्यान
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 22 अप्रैल 2025:
पंजाब विश्वविद्यालय (पीयू), चंडीगढ़ अपने गौरवशाली पूर्व छात्र और देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को सम्मानित करने जा रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने आर्ट्स ब्लॉक-3 का नाम बदलकर अब इसे “डॉ. मनमोहन सिंह हॉल” के रूप में स्थापित करने का निर्णय लिया है। इस अवसर पर एक विशेष संगोष्ठी व्याख्यान का आयोजन 25 अप्रैल 2025 को सुबह 11 बजे पीयू ऑडिटोरियम, सेक्टर 14 में किया जाएगा।
इस प्रतिष्ठित व्याख्यान में डॉ. मनमोहन सिंह की पुत्री एवं प्रसिद्ध लेखिका सुश्री दमन सिंह “डॉ. मनमोहन सिंह: सर्वोत्कृष्ट विद्वान” विषय पर विचार साझा करेंगी। कार्यक्रम के दौरान एक स्मारक पट्टिका का अनावरण भी किया जाएगा जो डॉ. सिंह के विद्वत्तापूर्ण योगदान और सार्वजनिक सेवा के प्रति उनके समर्पण को दर्शाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. रेणु विग करेंगी। संगोष्ठी में दमन सिंह न केवल एक राजनेता के रूप में डॉ. मनमोहन सिंह की भूमिका पर प्रकाश डालेंगी, बल्कि उनके जीवन के निजी पहलुओं की भी भावनात्मक झलक प्रस्तुत करेंगी।
गौरतलब है कि दमन सिंह ने अपने माता-पिता की जीवन यात्रा पर आधारित पुस्तक ‘स्ट्रिक्टली पर्सनल: मनमोहन एंड गुरशरण’ लिखी है, जिसे साहित्यिक और राजनीतिक हलकों में अत्यधिक सराहना मिली है।
सुश्री सिंह ग्रामीण विकास के क्षेत्र में कार्य कर चुकी हैं और सेंट स्टीफंस कॉलेज से गणित तथा इंस्टीट्यूट ऑफ रूरल मैनेजमेंट, आनंद से स्नातकोत्तर हैं। उनकी अन्य प्रमुख कृतियों में द लास्ट फ्रंटियर, एसाइलम, और फिक्शन उपन्यास नाइन बाय नाइन तथा द सेक्रेड ग्रोव शामिल हैं।
पंजाब विश्वविद्यालय की Colloquium Series एक समर्पित मंच है जो छात्रों, शिक्षकों और समाज के अन्य वर्गों को वैश्विक विषयों और विशेषज्ञों से जोड़ने का कार्य करता है।
यह आयोजन डॉ. मनमोहन सिंह के सम्मान में विश्वविद्यालय की ओर से एक महत्वपूर्ण श्रद्धांजलि है, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →