रिश्वतखोरी पर ACB की बड़ी कार्रवाई, करनाल कोर्ट कर्मचारी 800 रुपये लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 3 मार्च 2025 – हरियाणा के करनाल में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करनाल जिला अदालत की सम्मन शाखा में तैनात कर्मचारी राजेश को 800 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
कैसे हुआ खुलासा?
शिकायतकर्ता सागर (निवासी हांसी रोड, करनाल) ने ACB को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह वकील प्रदीप वोहरा (चैम्बर नं. 117, जिला कोर्ट करनाल) के यहां मुंशी के रूप में कार्यरत है।
उनके द्वारा बताया गया कि प्रीतम सिंह बनाम नरेंद्र सिंह व अन्य नामक केस करनाल की सिविल जज (जूनियर डिवीजन) की अदालत में लंबित है। इस केस में प्रतिवादियों को सम्मन तामील कराने के बदले आरोपी राजेश ने 800 रुपये रिश्वत की मांग की थी।
ACB ने रची योजना, रंगे हाथ पकड़ा गया आरोपी
शिकायत मिलने के बाद ACB करनाल की टीम ने योजना बनाई और शिकायतकर्ता को आरोपी को रिश्वत की रकम देने भेजा। जैसे ही राजेश ने हुड्डा पार्क, सेक्टर-12, करनाल में 800 रुपये की नकद रिश्वत ली, ACB टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
गिरफ्तारी के बाद आरोपी राजेश के खिलाफ थाना भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, करनाल में अभियोग दर्ज किया गया। इस पूरी कार्रवाई को गवाहों के समक्ष पूरी पारदर्शिता से अंजाम दिया गया और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 105 का पालन किया गया।
ACB की इस कार्रवाई से सरकारी कार्यालयों में फैले भ्रष्टाचार पर कड़ा संदेश गया है। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →