Himachal News: 'पूर्व की जयराम सरकार ने शुरू की थी मंदिरों से पैसा लुटाने की परंपरा', कांग्रेस ने नेता प्रतिपक्ष पर किया पलटवार
बाबूशाही ब्यूरो, 03 मार्च 2025
शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा मंदिरों के पैसे का प्रयोग करने के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम के बयान पर कांग्रेस ने हमला बोला है।
यहां जारी एक बयान में कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि पूर्व जयराम सरकार ने प्रदेश के मंदिरों का पैसा लुटाना शुरू किया था। उनके मुख्यमंत्री रहते अगस्त 2018 में प्रदेश के मंदिरों की कुल आय का 15 प्रतिशत एनजीओ द्वारा संचालित गोशालाओं को देने के आदेश जारी किये गए थे। अब पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर किस मुंह से यह ढिंढोरा पीट रहे हैं कि प्रदेश के मंदिरों का पैसा सरकार सरकारी योजनाओं में खर्च कर रही है।
जयराम ठाकुर प्रदेश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री रहे हैं जिनके समय प्रदेश की संपदा को कौड़ियों के भाव लुटा दिया गया और डबल इंजन की सरकार कहने वालों ने जमकर कर्ज लिया। अब उसी कर्ज और उसके ब्याज को चुकाने के लिए ठाकुर सुखविंदर सिंह की सरकार को कर्ज लेना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास खो चुकी भाजपा प्रदेश की सुक्खू सरकार के खिलाफ आये दिन नए षड्यंत्र रच रची है, लेकिन जनता सब जानती है। CM सुक्खू के खिलाफ भाजपा के षड्यंत्र कामयाब होने वाले नहीं हैं। बेबुनियाद आरोप लगाने वाली भाजपा अपने गिरेबान में जरूर झांक ले, चूंकि पूर्व भाजपा सरकार ने प्रदेश को गर्त में धकेलने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने में जुटे हैं, यह भाजपाइयों को रास नहीं आ रहा। लेकिन, भाजपा व नेता प्रतिपक्ष जयराम के षडयंत्रों से मुख्यमंत्री के बढ़ते कदम रुकने वाले नहीं हैं। (SBP)
https://drive.google.com/file/d/1rQGmPrqNkBo9RPglHyeoY0SMuLooDEL2/view?usp=drivesdk
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →