हरियाणा नगर निगम चुनाव: मतदान तक गुरुग्राम में 5,000 से ज्यादा नए मतदाता जुड़े, मानेसर में 3 घटे
बाबूशाही ब्यूरो
चंडीगढ़, 02 फरवरी – हरियाणा में शहरी निकाय चुनावों के लिए आज मतदान हो रहा है, लेकिन इसके पहले गुरुग्राम नगर निगम में मतदाताओं की संख्या में 5,358 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 4 फरवरी 2025 को हरियाणा राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, गुरुग्राम नगर निगम में 8,97,421 मतदाता थे, जबकि आज 2 मार्च 2025 को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, यह संख्या बढ़कर 9,02,779 हो गई।
इसके विपरीत, मानेसर नगर निगम में इसी अवधि के दौरान मतदाता संख्या में 3 की कमी आई है। 4 फरवरी को यहां मतदाताओं की संख्या 97,076 थी, जो आज घटकर 97,073 हो गई।
अन्य नगर निगमों में मतदाता वृद्धि का हाल
- यमुनानगर: 512 मतदाता बढ़े (3,54,766 से 3,55,278)
- रोहतक: 64 मतदाता बढ़े (3,19,145 से 3,19,209)
- फरीदाबाद: 21 मतदाता बढ़े (14,70,666 से 14,70,687)
- हिसार: 14 मतदाता बढ़े (2,68,302 से 2,68,316)
- करनाल: 3 मतदाता बढ़े (3,01,915 से 3,01,918)
वहीं, अंबाला और सोनीपत नगर निगमों में मतदाता संख्या में कोई बदलाव नहीं हुआ।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान मतदाता वृद्धि का कारण
म्यूनिसिपल कानून विशेषज्ञ और पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के एडवोकेट हेमंत कुमार के अनुसार, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 23(3) के तहत नामांकन भरने की अंतिम तिथि तक मतदाता सूची में नए नाम जोड़े जा सकते हैं। हालांकि, भारतीय चुनाव आयोग के 2009 के आदेश के अनुसार, यह प्रक्रिया नामांकन की अंतिम तारीख से 10 दिन पहले तक ही मान्य होती है।
हरियाणा में नगर निकाय चुनावों के लिए अलग से मतदाता सूची नहीं बनाई जाती, बल्कि विधानसभा हलकों की सूची से योग्य मतदाताओं के नाम नगर निकाय की सूची में जोड़े जाते हैं।
मतदाता सूची में बदलाव को लेकर पारदर्शिता पर सवाल
नगर निगम चुनावों में मतदान से पहले मतदाता संख्या में बदलाव को लेकर सवाल उठ रहे हैं। क्या यह मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया का हिस्सा है या चुनावी गणित को प्रभावित करने का कोई प्रयास? इन मुद्दों को लेकर आगे की जांच और चर्चा जारी रह सकती है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →