टोल दरों में बढ़ोतरी पर सुरजेवाला का भाजपा सरकार पर हमला, इसे बताया 'लूट की छूट'
बाबूशाही ब्यूरो
चंडीगढ़, 30 मार्च 2025: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने टोल दरों में होने वाली बढ़ोतरी को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल वसूली के नाम पर जनता की जेब काटने का सिलसिला तेज कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि 1 अप्रैल 2025 से लागू होने वाली टोल दरों में वृद्धि सरकार की ‘‘लूट की छूट’’ नीति का हिस्सा है।
भाजपा के 10 साल में टोल टैक्स 500% बढ़ा
सुरजेवाला ने बताया कि 2015-16 में देशभर में टोल टैक्स से ₹17,759 करोड़ की वसूली होती थी, जो 2024-25 में बढ़कर ₹85,000 करोड़ हो गई है। उन्होंने कहा, "कांग्रेस शासन में टोल रेट ₹1.17 प्रति किलोमीटर था, जो अब भाजपा राज में बढ़कर ₹3.50 प्रति किलोमीटर हो गया है। यह साफ दर्शाता है कि भाजपा जनता की जेब पर सीधा डाका डाल रही है।"
हरियाणा में 44 टोल प्लाजा, सालाना ₹1500 करोड़ की वसूली
सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा में 44 टोल प्लाजा हैं, जहां से हर साल ₹1500 करोड़ की टोल वसूली की जाती है। 1 अप्रैल से इन दरों में ₹5 से ₹25 तक की बढ़ोतरी लागू हो जाएगी, जिससे हरियाणा की जनता पर अतिरिक्त ₹200 करोड़ का बोझ बढ़ेगा।
टोल खत्म होने के बाद भी जारी रहेगी वसूली!
सुरजेवाला ने भाजपा सरकार के एक हालिया फैसले का हवाला देते हुए कहा कि 6 फरवरी 2025 को संसद में सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया कि अब टोल प्लाजा की निर्धारित अवधि खत्म होने के बावजूद भी टोल टैक्स वसूला जाता रहेगा। उन्होंने इसे ‘जनता की अनंतकाल तक की लूट’ करार दिया।
कई टोल प्लाजा पर टोल दरों में वृद्धि
कांग्रेस नेता ने हरियाणा के विभिन्न टोल प्लाजा पर बढ़ी दरों का विवरण भी दिया—
खटकड़ टोल (जींद): कार का टोल ₹120 से ₹125, ट्रक का ₹405 से ₹420
घरौंडा टोल (करनाल): कार का ₹190 से ₹195, बस का ₹650 से ₹670
गुरुग्राम खेड़की दौला टोल: कार का ₹80 से ₹85
गदपुरी टोल (फरीदाबाद-पलवल): कार का ₹120 से ₹125, भारी वाहनों का ₹385 से ₹400
झज्जर के 5 टोल प्लाजा: विभिन्न श्रेणियों में ₹5 से ₹20 तक की वृद्धि
"टोल के नाम पर जनता से जबरन वसूली"
रणदीप सुरजेवाला ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से संसद तक उठाएगी। उन्होंने कहा, "भाजपा सरकार लोगों को मूलभूत सुविधाएं देने के बजाय हर चीज पर टैक्स और टोल लगाकर उनका खून चूसने का काम कर रही है।"
उन्होंने जनता से आह्वान किया कि वे इस अन्याय के खिलाफ आवाज उठाएं और भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों का विरोध करें।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →