डेराबस्सी: चार दशक बाद अकाली दल को अलविदा, उद्योगपति गुरदर्शन सिंह 26 अप्रैल को होंगे भाजपा में शामिल —CM नायब सैनी कराएंगे जॉइनिंग
रमेश गोयत
डेराबस्सी, 26 अप्रैल — डेराबस्सी के प्रमुख उद्योगपति और अकाली दल के पूर्व वरिष्ठ नेता गुरदर्शन सिंह सैनी अब भाजपा की राह पर हैं। करीब 40 वर्षों तक अकाली दल के साथ जुड़े रहे गुरदर्शन सिंह अपने पूरे परिवार के साथ 26 अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी में शामिल होंगे। यह राजनीतिक बदलाव एक विशेष कार्यक्रम के दौरान होगा, जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं मौजूद रहकर उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाएंगे।
गुरदर्शन सिंह, जो स्वर्गीय गुरनाम सिंह के पुत्र हैं, लंबे समय से डेराबस्सी हलके में अकाली दल का प्रभावशाली चेहरा रहे हैं। उनके ट्यूबवेल इंजीनियरिंग के कारोबार के चलते उन्हें इलाके के सबसे धनाढ्य और प्रतिष्ठित परिवारों में गिना जाता है।
गुरदर्शन सिंह ने कहा, “40 साल तक पार्टी के लिए निस्वार्थ सेवा की। कभी कुछ नहीं मांगा, जहां ड्यूटी लगी, सेवा करता रहा। अब समय है नई सोच और नई दिशा के साथ आगे बढ़ने का।” उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के साथ उनके पुराने पारिवारिक संबंध हैं और यही व्यक्तिगत रिश्ता भाजपा में शामिल होने के निर्णय में अहम रहा।
गौरतलब है कि 2022 के चुनाव में उन्होंने अकाली दल से अलग होकर निर्दलीय चुनाव लड़ा था। उस वक्त भाजपा द्वारा समर्थन की पेशकश भी की गई थी, लेकिन एन.के. शर्मा के टिकट मिलने के चलते उन्होंने मना कर दिया था। इस बार उन्होंने साफ कहा कि वे इंकार नहीं कर सके।
राजनीतिक हलकों में इसे डेराबस्सी क्षेत्र में भाजपा की एक बड़ी उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है, खासकर तब जब पंजाब में भाजपा नए सिरे से जनाधार बढ़ाने की कोशिशों में जुटी है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →