चंडीगढ़ प्रशासन के जनविरोधी फैसलों के खिलाफ 'आप' का हल्ला बोल — जुर्माने में 200 गुना बढ़ोतरी को बताया अन्यायपूर्ण
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 8 अप्रैल – आम आदमी पार्टी की चंडीगढ़ इकाई ने प्रशासन द्वारा हाल ही में बिल्डिंग उल्लंघनों पर लगाए गए 200 गुना जुर्माने के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पहले कलेक्टर रेट और संपत्ति कर में बेतहाशा बढ़ोतरी और अब ₹500 से बढ़ाकर ₹1 लाख तक का जुर्माना — इन फैसलों ने शहरवासियों को हिला कर रख दिया है।
आप के चंडीगढ़ अध्यक्ष विजय पाल सिंह ने तीखे शब्दों में कहा कि “प्रशासन का उद्देश्य क्या है? क्या वह चंडीगढ़ के मूल निवासियों को शहर छोड़ने पर मजबूर करना चाहता है?” उन्होंने कहा कि प्रशासनिक नाकामी का बोझ जनता पर डालना सरासर अन्याय है। “अगर भवन उल्लंघन हैं, तो उन्हें शुरुआती चरण में क्यों नहीं रोका गया? अब वर्षों बाद जनता से 200 गुना जुर्माना वसूलना क्या ‘जज़िया कर’ नहीं है?” उन्होंने सवाल उठाया।
विजय पाल सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी इस अन्यायपूर्ण और अलोकतांत्रिक निर्णय के खिलाफ जल्द ही चंडीगढ़ के प्रशासक से मिलेगी और यदि जनता को राहत नहीं मिली तो बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया जाएगा।
पार्टी के कोषाध्यक्ष जे.डी. घई और अन्य पदाधिकारियों ने भी एलपीजी सिलेंडर के दामों में वृद्धि और पेट्रोल-डीजल पर उत्पाद शुल्क बढ़ाने को लेकर केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि “महंगाई पहले ही आम आदमी की कमर तोड़ चुकी है, ऐसे में ईंधन और आवश्यक वस्तुओं के दामों में इज़ाफा घोर अन्याय है।”
आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट कहा है कि यदि प्रशासन ने यह जनविरोधी कदम वापस नहीं लिए, तो वह जनआंदोलन छेड़ने से पीछे नहीं हटेगी। पार्टी की मांग है कि बढ़ी हुई दरें और जुर्माना तुरंत प्रभाव से वापस लिए जाएं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →