पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने जयपुर फुट निर्माण विधि का किया अवलोकन,
पंजाब में स्थायी केंद्र खोलने का दिया आश्वासन
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 27 अप्रैल 2025: पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने रविवार को भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति (बी.एम.वी.एस.एस.) का दौरा कर विश्व प्रसिद्ध जयपुर फुट की निर्माण प्रक्रिया का अवलोकन किया।
राज्यपाल का स्वागत समिति के संस्थापक और मुख्य संरक्षक डी.आर. मेहता, कार्यकारी अध्यक्ष एस.एस. भंडारी, सचिव भूपेंद्र राज मेहता, तकनीकी सचिव डॉ. दीपेंद्र मेहता और कोषाध्यक्ष विमल चौपड़ा ने किया। इस दौरान डॉ. दीपेंद्र मेहता ने जयपुर फुट की उपयोगिता और निर्माण प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
दिव्यांगजनों को संबोधित करते हुए राज्यपाल कटारिया ने बी.एम.वी.एस.एस. को विकलांगों के पुनर्वास की विश्व की सबसे बड़ी संस्था बताया। उन्होंने कहा कि संस्था ने अपनी स्वर्ण जयंती के अवसर पर सेवा और समर्पण के क्षेत्र में एक मिसाल कायम की है। राज्यपाल ने डी.आर. मेहता की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत से ही उन्हें एक मसीहा के रूप में देखते आए हैं।
कटारिया ने बताया कि जयपुर फुट की बदौलत न केवल भारत के लाखों दिव्यांगों को चलने-फिरने का अवसर मिला है, बल्कि 44 देशों के 44 हजार दिव्यांग भी इसका लाभ उठा चुके हैं। अब तक सवा दो लाख से अधिक दिव्यांगों को कृत्रिम पैर, हाथ और अन्य उपकरण निःशुल्क प्रदान किए गए हैं, जो विश्व स्तर पर एक अद्वितीय उपलब्धि है।
इस अवसर पर राज्यपाल कटारिया ने घोषणा की कि वे पंजाब सरकार के सहयोग से राज्य में जयपुर फुट का एक स्थायी केंद्र स्थापित करने के प्रयास करेंगे। इसके लिए उन्होंने डी.आर. मेहता और कार्यकारी अध्यक्ष एस.एस. भंडारी को पंजाब सरकार से संवाद के लिए आमंत्रित किया।
समारोह के अंत में कार्यकारी अध्यक्ष एस.एस. भंडारी ने राज्यपाल को चांदी की नांदी और एक धार्मिक पुस्तक भेंट की।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →