पंजाब में भाजपा सरकार बनने पर किसानों की सभी फसलें एमएसपी पर खरीदी जाएंगी: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
- हरियाणा की जन-कल्याणकारी योजनाओं को पंजाब में भी लागू किया जाएगा
रमेश गोयत
जीरकपुर/चंडीगढ़, 26 अप्रैल। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ऐलान किया है कि वर्ष 2027 में पंजाब में भाजपा सरकार बनने पर राज्य के किसानों की सभी फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदी जाएंगी। उन्होंने कहा कि पंजाब में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) की सरकारों ने किसानों की कभी सुध नहीं ली, जबकि हरियाणा सरकार किसानों के हित में निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री सैनी ने यह बातें शनिवार को पंजाब के डेराबस्सी में आयोजित एक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि कही। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री महारानी परनीत कौर, राज्यसभा सांसद सतनाम संधू, गुरदर्शन सिंह सैनी, हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, संजीव वशिष्ठ समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में सभी फसलों की एमएसपी पर खरीद सुनिश्चित की गई है और बीते साढ़े दस वर्षों में किसानों को फसल खराबे के बदले 14,500 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया है, जबकि कांग्रेस सरकार ने 2014 से पहले महज 1,155 करोड़ रुपये का भुगतान किया था।
उन्होंने कहा कि आज हरियाणा में ईमानदारी, पारदर्शिता और सेवा के मूलमंत्र पर आधारित एक जवाबदेह और संवेदनशील नॉन-स्टॉप सरकार कार्य कर रही है। तीसरे कार्यकाल के शुरू होते ही राज्य में बिना पर्ची और बिना खर्ची के 26,000 युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
मुख्यमंत्री सैनी ने हरियाणा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि राज्य आज राष्ट्रीय राजमार्गों, उद्योग, डिजिटल सेवाओं, युवाओं के कौशल विकास, महिला सुरक्षा और किसानों के कल्याण में अग्रणी है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को आयुष्मान योजना का लाभ मिल रहा है और हरियाणा में इसे सफलतापूर्वक लागू किया गया है।
सैनी ने परिवार पहचान पत्र योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से 52 लाख से अधिक परिवारों को घर बैठे 400 से ज्यादा सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ मिल रहा है। इसी क्रम में सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाकर 3000 रुपये कर दी गई है। उन्होंने वादा किया कि पंजाब में भाजपा सरकार बनने पर हरियाणा की तर्ज पर सभी जन-कल्याणकारी योजनाएं लागू की जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि "म्हारा गांव-जगमग गांव" योजना के तहत हरियाणा के 5,878 गांवों में शहरों जैसी 24 घंटे बिजली दी जा रही है और पंजाब में भी भाजपा सरकार बनने पर 24 घंटे बिजली की सुविधा दी जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का गर्मजोशी से स्वागत किया गया और स्मृति चिन्ह भेंट कर उन्हें सम्मानित किया गया।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →