अवैध अप्रवासियों की वापसी पर सीएम भगवंत मान के बयान को लेकर मनीष तिवारी ने उठाए सवाल
बाबूशाही ब्यूरो
चंडीगढ़, 15 फरवरी
अमेरिका से अवैध तरीके से पहुंचे भारतीय अप्रवासियों को अमृतसर लाने वाली फ्लाइट को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के बयान पर कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने प्रतिक्रिया दी है।
मनीष तिवारी ने कहा, "बुनियादी बात यह है कि जो लोग अमेरिका गए थे, चाहे वे पंजाब से थे, गुजरात से थे या हरियाणा से थे, वे सभी बेहतर आर्थिक अवसरों की तलाश में गए थे। भगवंत मान की बात बिल्कुल सही है कि इन्हें केवल पंजाब में क्यों लाया जा रहा है? यह विमान दिल्ली में भी उतर सकता था। सरकार आखिर क्या संदेश देना चाह रही है? क्या यह संदेश देना चाहते हैं कि विदेश जाने वाले सिर्फ पंजाब से होते हैं?"
गौरतलब है कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस मुद्दे पर आपत्ति जताते हुए सवाल उठाया था कि अमेरिका से लौटाए गए अवैध अप्रवासियों की फ्लाइट को विशेष रूप से अमृतसर में लैंड कराने के पीछे क्या मंशा है। उन्होंने इसे एक नकारात्मक संदेश देने वाला कदम बताया था।
अमेरिका ने हाल ही में कई भारतीय नागरिकों को अवैध अप्रवासन के चलते देश से निकाला है। इनमें बड़ी संख्या पंजाब, हरियाणा और गुजरात से ताल्लुक रखने वालों की बताई जा रही है। इस मामले पर राजनीतिक बहस तेज हो गई है, जहां एक ओर भगवंत मान इसे पंजाब के लिए बदनामी बता रहे हैं, वहीं विपक्षी नेता सरकार की मंशा पर सवाल उठा रहे हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →