अमेरिका से डिपोर्ट हुआ आरोपी, कुरुक्षेत्र पुलिस ने किया गिरफ्तार
बाबूशाही ब्यूरो
कुरुक्षेत्र, 16 फ़रवरी। अमेरिका से डिपोर्ट किए गए 116 अवैध भारतीय प्रवासियों में शामिल हरियाणा के 33 नागरिकों में से एक, साहिल वर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साहिल कुरुक्षेत्र जिले के थाना शहर पिहोवा क्षेत्र का निवासी है और उस पर 2022 में पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
अमृतसर एयरपोर्ट पर ही पुलिस ने लिया हिरासत में
अमेरिकी सैन्य विमान 14 फरवरी की देर रात अमृतसर के श्री गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लैंड हुआ। पहले से तैनात पुलिस टीम—थाना शहर पिहोवा के उपनिरीक्षक जान पाल, महिला एएसआई रेणु और उपनिरीक्षक शमशेर सिंह—ने कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद साहिल वर्मा को हिरासत में ले लिया। उसे रविवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तारी से बचने के लिए खर्च किए थे 38 लाख रुपये
कुरुक्षेत्र के पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने बताया कि साहिल वर्मा पर 2022 में एक नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने का आरोप था। मामला दर्ज होने के महज 4-5 दिन बाद ही साहिल एजेंट के जरिए विदेश भाग गया। उसने इटली में दो साल बिताए और फिर डंकी रूट से अमेरिका पहुंचा, जहां उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
अवैध प्रवासियों की वापसी बनी चुनौती
अमेरिका में अवैध रूप से रहने वाले भारतीयों की बढ़ती संख्या के चलते हाल ही में अमेरिकी प्रशासन ने कई लोगों को डिपोर्ट किया है। भारत सरकार भी अवैध प्रवास को रोकने के लिए सख्त कदम उठा रही है। साहिल वर्मा की गिरफ्तारी इस दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →