दुष्कर्म और हत्या के दोषी डेरा मुखी गुरमीत राम रहीम फिर फरलो पर जेल से बाहर, 21 दिन की रिहाई
बाबूशाही ब्यूरो
रोहतक/सिरसा,09 अप्रैल। दुष्कर्म और हत्या के मामलों में सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को एक बार फिर 21 दिन की फरलो (अवकाश) दी गई है। बुधवार सुबह गुरमीत सिंह को रोहतक की सुनारिया जेल से रिहा किया गया और कड़ी सुरक्षा के बीच उन्हें सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा मुख्यालय के लिए रवाना किया गया।
सुबह करीब 8 बजे जेल गेट से बाहर निकलते ही गुरमीत सिंह को हरियाणा पुलिस की विशेष टीम ने अपनी सुरक्षा घेरे में लिया और तुरंत सिरसा की ओर रवाना किया। सूत्रों के अनुसार, वह जल्द ही बेगू रोड स्थित डेरा आश्रम पहुंच जाएंगे, जहां पहले से ही उनके अनुयायियों की गतिविधियां तेज़ हो गई हैं। आश्रम के आसपास पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है।
गौरतलब है कि गुरमीत सिंह 2017 से रोहतक की सुनारिया जेल में बंद हैं। उन्हें साध्वी यौन शोषण और पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या समेत कई मामलों में दोषी ठहराया गया है। जेल प्रशासन की ओर से पहले भी उन्हें कई बार पैरोल और फरलो दी जा चुकी है, जिस पर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर सवाल भी उठते रहे हैं।
इस बार गुरमीत सिंह को 21 दिन की फरलो दी गई है, जो नियमों के तहत सरकार की मंजूरी के बाद दी जाती है। फरलो की यह अवधि अब वह सिरसा के डेरा मुख्यालय में बिताएंगे।
डेरा प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन सुरक्षा कारणों से सिरसा पुलिस और जिला प्रशासन पहले से सतर्क है। आशंका जताई जा रही है कि राम रहीम एक बार फिर ऑनलाइन सत्संग और प्रवचन कर सकते हैं, जैसा कि वह पिछली फरलो और पैरोल अवधि के दौरान कर चुके हैं।
इस बीच, डेरा विरोधियों और पीड़ित पक्षों ने एक बार फिर ऐसे अपराधी को बार-बार रिहा किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है और सरकार से इस पर जवाब मांगा है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here →
Click to Follow हिन्दी बाबूशाही फेसबुक पेज →